बरेली: ड्रेनों की सफाई पर खर्च होंगे 3.72 करोड़ रुपये, सिंचाई विभाग जल्द पूरी करेगा टेंडर प्रक्रिया
बरेली, अमृत विचार। मानसून से पहले सिंचाई विभाग 29 ड्रेनों की सफाई पर 3.73 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसमें सबसे अधिक राशि 38 किलोमीटर लंबी देवरनियां ड्रेन और नकटिया नदी के पास बने ड्रेन पर खर्च होगी।अफसरों ने इसी सप्ताह टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ मानसून से पहले सफाई का काम पूरा कराने का दावा किया है।
एक्सईएन मुकेश कुमार ने बताया कि सिंचाई विभाग के पांच खंडों में शामिल सिंचाई खंड बरेली, शारदा सागर पीलीभीत, शारदा नहर खंड शाहजहांपुर, बाढ़ खंड बरेली एवं रुहेलखंड नहर खंड बरेली में छोटी और बड़ी 29 ड्रेनों की 277 किलोमीटर लंबाई है। जिनकी सिल्ट सफाई के लिए 3.72 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। जिन ड्रेनों की सफाई होनी है, उनमें रुहेलखंड नहर खंड बरेली की भोजीपुरा में वीरपुर ड्रेन, मकरंदापुर ड्रेन, बहेड़ी में बसंतनगर, डंडिया हमीरपुर, ड्रेन, बिथरी में हरहरपुर, अधपुरा, खमिरया, कान्डू नाला, मल्लपुर, नवाबगंज में क्योलड़िया, उदरनपुर, भोजीपुरा में दनिया, नवाबगंज में सुकटिया, फरीदपुर में पनडौली, शारदा नहर खंड के अंतर्गत फरीदपुर में खटेली, सोरहा, अमरती, बेवल बरकतपुर ड्रेन शामिल हैं। जबकि सिंचाई खंड बरेली में बहेड़ी सितारंगज के टेहरा, बैंगुल स्केप, देवरनिया, शारदा सागर खंड पीलीभीत क्षेत्र में आने वाले नवाबगंज के बिनरसी, अवसरा ड्रेन की सफाई होगी।
बाढ़ खंड के नालों पर रहेगा ध्यान
बिथरी के चौबारी और फरीदपुर क्षेत्र में नकटिया और देवरनिया के ड्रेन पर सबसे अधिक ध्यान सिंचाई विभाग का रहेगा। इन ड्रेनों की लंबाई सबसे अधिक होने के साथ ही दो करोड़ रुपये से अधिक बजट खर्च किया जाएगा। चौबारी ड्रेन की लंबाई 11, नकटिया ड्रेन की 35.30 और देवरनिया ड्रेन की लंबाई 38 किलोमीटर है।
ये भी पढे़ं- बरेली: छोटे व्यापारियों को परेशान न करें जीएसटी अधिकारी
