बरेली कॉलेज में अस्थाई कर्मचारियों ने जड़ा ताला, अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से हैं आंदोलित

बरेली कॉलेज में अस्थाई कर्मचारियों ने जड़ा ताला, अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से हैं आंदोलित

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के अस्थाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। जिसको लेकर वे कई बार कॉलेज में तालाबंदी कर चुके हैं। हर बार उन्हें आश्वासन दे दिया जाता है, लेकिन ना ही उनकी वेतन की बढ़ोतरी की जाती है और ना ही उनके अन्य मांगे पूरी की जा रही हैं । जिसको लेकर आज बरेली कॉलेज के अस्थाई कर्मचारियों ने कॉलेज में तालाबंदी कर दी।

इस मौके पर कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि लंबे समय से वह अपनी वेतन बढ़ोतरी, विनियमितीकरण और कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनाने व कॉलेज में हुए घोटाले को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन अभी तक प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी। जिस कारण कर्मचारियों में आक्रोश है। 

उन्होंने कहा कि कई बार वह लोग प्रशासन को इस बाबत पत्र दे चुके हैं। सुनवाई ना होने पर उन सभी लोगों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया था। आज कर्मचारियों ने बरेली कॉलेज में अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर दी है। यह तालाबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती है। साथ ही कहा कि कर्मचारी अब  प्रशासन की झूठी बातों में नहीं आएगा। कई बार प्रशासन के आश्वासन पर उन लोगों को अपना आंदोलन स्थगित करना पड़ा। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।

ताला खुलवाने के लिए कर्मचारियों के बीच पहुंचे प्राचार्य
बरेली कॉलेज के अस्थाई कर्मचारियों ने ऑफिस गेट पर सुबह ताला लगा दिया। उसके बाद प्राचार्य बरेली कॉलेज डॉ ओपी राय कर्मचारियों से मिलने पहुंचे। कड़क धूप पर वह कर्मचारियों के बीच दरी पर बैठ गए।उन्होंने कर्मचारियों से ताला खोलने का आग्रह  किया। लेकिन कर्मचारियों ने उनसे दो टूक कहा दिया तब तक ताला नहीं खुलेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: निकाय चुनाव को लेकर ब्रज क्षेत्र के पदाधिकारियों ने की समीक्षा बैठक