अयोध्या : बाडीवार्न कैमरे के साथ बाजार में खरीदारी करने पहुंचेंगे जीएसटी कर्मी
दो माह तक चलने वाला सर्वे अभियान शुरू
अमृत विचार, अयोध्या। राजस्व को बढ़ाने तथा व्यवसाय को व्यवस्थित करने के लिए जीएसटी विभाग की ओर से दो माह का सर्वे अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान सरकार के निर्देश पर करदाताओं का दायरा बढ़ाने के लिए शुरू हुआ है। विभिन्न व्यापारी संगठनों की ओर से सर्वे के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न की आशंका को लेकर शासन और विभाग ने अभियान के दौरान विशेष सतर्कता तथा पारदर्शिता का निर्देश दिया है। इस अभियान के दौरान जीएसटी कर्मी प्रतिष्ठानों पर खरीदारी करने के लिए बाडीवार्ड कैमरे के साथ पहुंचेंगे।
करदाताओं का दायरा बढ़ाने और व्यापार को रेगुलेट करने के लिए दो माह का विशेष सर्वे अभियान शुरू किया गया है। अभियान के केंद्र में ऐसे व्यापारी है जो फर्जीवाड़ा कर मोटा आईटीसी क्लेम कर रहे हैं अथवा पंजीकरण के बावजूद टैक्स की अदायगी नहीं कर रहे। वहीं ऐसे व्यापारी भी अभियान के केंद्र में हैं, जो जीएसटी बिल नहीं देते अथवा कागजी कोरम की आड़ में टैक्स अदायगी से बचते हैं। अभियान को संचालित करने का जिम्मा सीजीएसटी और एसजीएसटी के अधिकारियों को सौंपा गया है। सरकार की ओर से विशेष अभियान की घोषणा के बाद से ही विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि जीएसटी के अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं और अधिकारियों को व्यपारियों के बीच उपजी आशंका से रूबरू करा रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि विभाग तकनीकि तथा सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से ऐसे लोगों की सूची तैयार कर चुका है और टैक्स देने में गड़बड़झाला करने वालों के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य एकत्र करने तथा सर्वे की कार्रवाई के लिए एसजीएसटी विभाग कि ओर से अपने सभी खंड के अधिकारियों को जिम्मा सौंपा है। सर्वे के लिए जाने वाली टीम को बाडीवार्न कैमरा से लैस रहने, गोपनीय रूप से खरीददारी कर पक्की रसीद हासिल करने, टीम के साथ सर्वे के समय सुरक्षा बल को साथ रखने आदि की हिदायत दी गई है। चर्चा यह भी है कि शहर के कई बड़े व्यापारियों ने पहले ही मोटा टैक्स जमा कराया है। एसजीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर ग्रेड वन आंजनेय कुमार राय का कहना है कि शासन के निर्देश पर दो माह का विशेष सर्वे अभियान शुरू हुआ है। अभियान को लेकर टीमें अपना-अपना काम कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि निर्धारित नियम-कायदों का पालन करें और टीम का सहयोग करें। मानक के आधार पर अपने व्यवसाय का पंजीकरण कराएं और निर्धारित टैक्स अदा करें।
क्या है बॉडी वार्न कैमरा
इसे वर्दी पर फिट किया जाता है। कैमरे में लेंस लगा होता है, जो चारों दिशाओं में घूम सकता है। क्षमता के अनुसार, इसमें डाटा 15 दिन तक स्टोर रह सकता है। इस कैमरे को जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) से कंट्रोल रूम से जोड़ा जा सकता है।
व्यवसाय कर रहें हैं तो जीएसटी में पंजीकरण कराएं और उपभोक्ता को दें बिल
जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों और कारोबारियों का दायरा बढ़ाने के लिए गुरुवार को सीजीएसटी की ओर से देवकाली बाईपास स्थित एक रिसार्ट में सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में सीजीएसटी प्रयागराज कार्यालय के सहायक आयुक्त व्यापार कर ने करदाताओं का दायरा बढ़ाने की अपील की। उन्होंने जीएसटी में पंजीकरण से व्यापारियों और कारोबारियों को मिलने वाले बीमा लाभ तथा टैक्स अदायगी से होने वाले सामजिक लाभ की विस्तार से चर्चा की। साथ ही उपभोक्ताओं को जीएसटी बिल अवश्य देने की बात कही। कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग जीएसटी में पंजीकरण कराएं, इसके लिए चार्टर्ड एकाउंटेंट और टैक्स अधिवक्ता लोगों को जागरूक करें। सेमिनार को एसजीएसटी के स्थानीय कार्यालय के ज्वाइंट कमिश्नर विशेष अनुसंधान शाखा धनंजय सिंह ने भी संबोधित किया और लोगों को पंजीकरण का लाभ-हानि बताया। इस अवसर पर सीजीएसटी व एसजीएसटी के अन्य अधिकारियों के अलावा टैक्स अधिवक्ता,चार्टर्ड एकाउंटेंट, कारोबारी आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - कानपुर : सिर पर लोकसभा चुनाव और अस्तित्व की छटपटाहट में कांग्रेस
