Auraiya Fire : मकान में लगी भीषण आग, गृहस्वामियों में मचा हड़कंप, पीड़ित ने गांव के लोगों पर लगाए ये आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया के एक मकान में भीषण आग लग गई।

औरैया के अछल्दा कस्का के एक मकान में भीषण आग गल गई। आग की लपटें उठते देख गृहस्वामियों में हड़कंप मच गया।

औरैया, अमृत विचार। कस्बा के हरीगंज बाजार में रात्रि दो बजे एक सूने घर में अचानक आग लग गई। आग की लपटे उठते देख गृहस्वामी ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। घटना की जानकारी होने पर पहुंचे फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने गांव के ही दो लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। 

कस्बा के हरीगंज बाजार निवासी राजीव कुमार पुत्र जोर सिंह ने थाना में दिये शिकायती पत्र में बताया कि वह गांव भिटारी मौजा चिमुकिनी का रहने वाला है। वह दिल्ली में रहकर वॉल्वो बस चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके परिवार में पत्नी मंजू देवी व पुत्र योगेश कुमार हरीगंज बाजार स्थित मकान पर सुबह से लेकर शाम तक रुकते है तथा शाम को अपने गांव भिटारी चले जाते है। 19 मई रात्रि करीब दो बजे घर में आग लग गई। आग लगने की सूचना पड़ोसियों द्वारा उसके पुत्र योगेश को दी गई।

सूचना पर पहुंचे पुत्र ने पुलिस व फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से घर में रखा सोफा सेट, दीवान बेड, कूलर, फ्रिज, वाशिंग मशीन, इनवर्टर, चारपाई, बक्शे, कपड़े, तख्त व अलमारी के अलावा अलमारी में रखा जेवर जलकर राख हो गया। पीड़ित ने दो नामजदों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार