Kanpur Dehat Accident : डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों ने सड़क की जाम, कई थानों का फोर्स पहुंचा
Kanpur Dehat Accident कानपुर देहात में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत।
Kanpur Dehat Accident कानपुर देहात में गजनेर थाना क्षेत्र में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगाया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। Kanpur Dehat Accident गजनेर-रायपुर मार्ग पर रसूलपुर-गोगूमऊ रेलवे क्रासिंग के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक स्टार्ट कर रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि किनारे खड़ी उसकी पत्नी व बेटा बाल-बाल बच गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। जिसके करीब डेढ़ घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका।
शुक्रवार को गजनेर थाना क्षेत्र के ररूवा गांव निवासी पप्पू कठेरिया (45) अपनी पत्नी ननकी व बेटे अरुण (12) को बाइक में बैठाकर गजनेर में पत्नी का इलाज कराने जा रहे थे। गजनेर-रायपुर मार्ग पर गोगूमऊ रेलवे क्रासिंग पर वह बाइक खड़ी कर पानी पीने चले गए। वापस आकर वह बाइक स्टार्ट कर रहे थे। तभी रायपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पप्पू कठेरिया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सड़क किनारे खड़ी ननकी व बेटा अरुण बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद चालक डंपर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। मौत की जानकारी पर बड़ी संख्या में पहुंचे गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा काटने लगे। सूचना पर सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार, अकबरपुर, रनियां, गजनेर समेत अन्य फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और लोगांे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग डीएम व एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस बीच लोगों की सीओ से कई बार बहस भी हुई।
करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची एसडीएम अकबरपुर पूनम गौतम ने आक्रोशित लोगों को कार्रवाई व नियमानुसार मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। जिसपर लोग शांत हुए। गजनेर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया परिजनों से तहरीर ली गई है। अज्ञात डंपर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है।
रिकार्डिंग बंद कराने में सीओ पर भड़के लोग
रसूलपुर-गोगूमऊ रेलवे क्रासिंग के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत पर हंगामा व रोड जाम की सूचना पर सदर सीओ प्रभात कुमार मौके पर पहुंचे। उन्हांेने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ उनके आश्वासन की वीडियो रिकार्डिंग करने लगे। जिसपर सीओ ने बंद कराने की घुड़की दे डाली। इससे लोग सीओ पर भड़क गए और हंगामा जारी रखा। बाद में एसडीएम के समझाने पर लोग शांत हुए।
जाम के चलते भीषण गर्मी में बिलबिलाए लोग
रायपुर-गजनेर मार्ग पर हादसे के बाद लोगों ने दोपहर करीब बारह बजे जाम लगा दिया। जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। इस दौरान कई यात्री वाहन भी जाम में फंस गए। जिसके चलते लोग गर्मी में बिलबिलाते नजर आए। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और गंतव्य की ओर रवाना हो सके।
