UP Politics: केशव के लिए खून की नदियां बहा देंगे, सैनी समाज के कार्यक्रम में बोले पूर्व मंत्री

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राज्य ब्यूरो, लखनऊ/ अमृत विचार। पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ‘सीएम’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वह उनके लिए खून की नदियां बहा देंगे। पूर्व मंत्री शनिवार को सहारनपुर में सैनी समाज के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सैनी समाज के कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मौर्य मौजूद थे। पूर्व मंत्री ने कहा कि केशव उनके मुख्यमंत्री होने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमसे गलती हुई है। 

कार्यक्रम में मौर्य को हर कोई मुख्यमंत्री कह रहा है। जो नारे लगा रहे हैं, वे उनके लिए मुख्यमंत्री शब्द का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान के मुख्यमंत्री को हटाकर केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्र की राजनीति करें और केशव उत्तर प्रदेश की राजनीति करें।

मालूम हो कि पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी 2017 विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा में शामिल हुए थे। इनको आयुष विभाग का मंत्री बनाया गया था। उसके बाद 2022 में विधान सभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। इसके बाद वह दोबारा भाजपा में शामिल होना चाहते थे, पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व इस पर राजी नहीं हुआ। पूर्व मंत्री सैनी के खिलाफ आयुष घोटाले में जांच चल रही है।

सैनी का यह निजी बयानः कौशल किशोर

केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी का बयान व्यक्तिगत है। इसका पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। पार्टी खुद निर्णय लेती है किसको क्या मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा और संगठन की तरह काम करती है।

यह सब भाजपा की चाल है: सपा
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्बास हैदर ने सैनी के बयान पर कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव करीब आएगा, भाजपा के नेताओं की ओर से इस तरह की बयानबाजी और देखने को मिलेगी। ये सब भाजपा की चाल है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से केशव प्रसाद मौर्य की महत्वाकांक्षा भी सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केशव प्रसाद मौर्य को आगे रखकर पिछड़ों को ठगने का काम किया है। जब हिस्सेदारी देने की बात आती है तो उनको किनारे कर दिया जाता है।

यह भी पढ़ें:-बुलंदशहर में बोले डिप्टी सीएम केशव मौर्य- दो हजार रूपये का नोट बंद होने से भ्रष्टाचारी परेशान

संबंधित समाचार