Mahoba News : वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत, सड़क दुर्घटनाओं में नहीं लग रही रोक, 6 दिन के अंदर छह की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत।

Mahoba Accident महोबा में वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। बाइक से कबरई जाते समय टीकामऊ के पास हादसा हुआ है।

महोबा, अमृत विचार। जिले में प्रशासन और सहायक सम्भागीय विभाग के लाख प्रयास के बाद भी सड़क दुर्घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। हालात यह है कि 6 दिन के अंदर 6 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। शनिवार की रात को कानपुर-सागर राष्ट्रीय मार्ग पर ग्राम टीकामऊ तिराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया बाद में उसे मेडिकल कालेज झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।   

पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में अंकुश लगाने के लिए हर साल यातायात माह मनाकर बस चालक, टैक्सी चालक व अन्य चालकों की समय-समय पर कार्यशाला आयोजित कर उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के गुर सिखाये जाते है। इसी तरह सहायक सम्भागीय परिवहन विभाग द्वारा हर साल यातायात सप्ताह मनाकर विद्यालयों, काॅलेजों आरटीओ कार्यालय परिसर में गोष्ठियां आयोजित कर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और चालकों को यातायात के निमय बताये जाते है साथ ही मार्गों पर चलते समय मोड पर लिखे संकेतों पर अमल करने के भी निर्देश दिये जाते है।

इतना सब करने के बाद भी सड़क दुर्घटनाओं पर कमी नहीं आ रही है। जिसके चलते आये दिन लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो रही है। थाना कबरई के ग्राम उटियां निवासी सनी सिंह 25 पुत्र अरविन्द सिंह शनिवार की रात को बाइक से कबरई जा रहा था। तभी टीकामऊ के पास सामने आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक सनी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

नाजुक हालत में उसे पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डाॅक्टरों ने उसका उपचार किया लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे डाॅक्टरों ने मेडिकल कालेज झांसी के लिए रिफर कर दिया। रात में ही झांसी ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सनी सिंह की मौत से गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

संबंधित समाचार