एएआई मुनाफे में लौटा, 2022-23 में 3,400 करोड़ रुपये का लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) ने मुनाफे में लौटते हुए बीते वित्त वर्ष (2022-23) में 3,400 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। सूत्रों ने बताया कि एएआई को यह मुनाफा घरेलू हवाई यातायात बढ़ने से हुआ है। एएआई ने कोविड महामारी के बाद पहली बार मुनाफा कमाया है। एएआई को वित्त वर्षों- 2021-22 में 803.72 करोड़ रुपये और 2020-21 में 3,176.12 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

एक सूत्र ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि एएआई ने 2022-23 में 3,400 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। यह अनंतिम आंकड़ा है और अंतिम आंकड़ा वित्तीय नतीजों के ऑडिट के बाद पता चलेगा। सूत्र ने यह भी कहा कि अच्छा प्रदर्शन मुख्य रूप से घरेलू हवाई यातायात में तेज बढ़ोतरी के कारण हुआ। घरेलू हवाई यात्री यातायात 2022 में सालाना आधार पर 47.05 प्रतिशत बढ़कर 12.32 करोड़ हो गया। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल के पहले तीन महीनों में यात्रियों की संख्या 51.70 प्रतिशत बढ़कर 3.75 करोड़ हो गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह संख्या 2.47 करोड़ थी। एएआई 137 हवाईअड्डों का प्रबंधन करता है, जिसमें 24 अंतरराष्ट्रीय और 80 घरेलू हवाई अड्डे शामिल हैं। यह पूरे भारतीय हवाई क्षेत्र और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में हवाई यातायात प्रबंधन सेवाएं (एटीएमएस) भी प्रदान करता है।

ये भी पढ़ें- रिजर्व बैंक के 2,000 का नोट वापस लेने के बाद सोने की खरीद के लिए पूछताछ बढ़ी

 

संबंधित समाचार