Kannauj News: चुंबक बनाने को बच्चों ने ट्रैक पर रखे थे सिक्के, कालिंदी के पहिये में चिपक गए, फिर हुआ ये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में चुंबक बनाने को बच्चों ने रेलवे ट्रैक पर सिक्के रखे थे।

कन्नौज में चुंबक बनाने को बच्चों ने रेलवे ट्रैक पर सिक्के रखे थे। रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने पकड़ा। सिक्के भी बरामद हुए।

कन्नौज, अमृत विचार। कानपुर-फर्रुखाबाद रेलखंड पर चुंबक बनाने के लिए दो बच्चों ने रेलवे ट्रैक पर सिक्के रख दिए थे। रेलवे सुरक्षा बल ने दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ की। दोनों ने जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस ने वह सिक्के भी बरामद कर लिए हैं, जिन्हें टेप से ट्रैक पर चिपकाया गया था। दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड (जुवेनाइल कोर्ट) फतेहगढ़ में रिमांड के लिए भेजा गया है। 

रविवार को घटना का राजफाश करते हुए रेलवे सुरक्षा बल थाना के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि 18 मई की शाम को सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी तथा जनपद कानपुर नगर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र निवासी दो बच्चों ने मानीमऊ हाल्ट स्टेशन के पास शरारत में रेल लाइन पर दस-दस रुपये के दो सिक्के ऊपर नीचे तथा दो सिक्के दो-दो रुपये के थोड़ी थोड़ी दूरी पर रख दिए। सिक्के रेललाइन के कंपन से गिरे नहीं, इसके लिए टेप से चिपका दिए।  

इसी दौरान गाड़ी संख्या 14723(कालिंदी एक्सप्रेस) आने पर अलग-अलग रखे गए दो रुपये वाले दोनों सिक्के इंजन चक्के के दबाव मौके पर ही गिर गए, परंतु दस रुपये के सिक्के इंजन के चक्के की हिट के कारण बाएं पहिये से चिपक गए। इसके कारण रेल लाइन पर सिक्कों के  निशान बन गए तथा कुछ दूरी के बाद सिक्के गलकर चक्के में ही चिपक गए। जांच उपनिरीक्षक संजय कुमार हेंब्रम द्वारा की जा रही है। 

वरिष्ठ मंडल रेल सुरक्षा आयुक्त ने बनाई थी टीम

रेलवे ट्रैक पर सिक्के रखने की घटना की जांच के लिए इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल रेल सुरक्षा आयुक्त ने आरपीएफ कन्नौज व कासगंज तथा सीआईबी और सिविल पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई थी। क्राइम सीन भी रिक्रिएट किया गया था। पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

संबंधित समाचार