Accident In UP : जालौन, हमीरपुर व महोबा में सड़क हादसों में दो की मौत, 11 घायल, परिजनों में मचा कोहराम
Accident In UP जालौन, हमीरपुर व महोबा में हुए सड़क हादसे।
Accident In UP जालौन में वाहन की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गया। ऐसे ही हमीरपुर में भी बाइक और कार की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। वहीं, महोबा में ई-रिक्शा पलट जाने से आधा दर्जन यात्री घायल हो गए।
कानपुर टीम, अमृत विचार। जालौन में वाहन की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गया। ऐसे ही हमीरपुर में भी बाइक और कार की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। वहीं, महोबा में ई-रिक्शा पलट जाने से आधा दर्जन यात्री घायल हो गए।
जालौन में अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, पत्नी की मौत, पति घायल
नेशनल हाइवे पर कालपी-उसरगांव के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े। इसमें 38 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर मौत हो गईं जबकि उसका पति घायल हो गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल को अस्पताल भिजवाया।
नगर के मुहल्ला उदनपुरा निवासी इश्तिकार अंसारी इलाज के लिये दवाई लेने मोटर साइकिल से पत्नी फरजाना बेगम को लेकर उरई जा रहा था। वह छौक गांव के पास पहुंचा ही था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से फरजाना दूर जा गिरी, इश्तिकार उर्फ मुन्ना भी घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुँची पुलिस ने फरजाना को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज उरई ले जाया गया, जहाँ मेडिकल कालेज में चिकित्सकों ने चिकित्सकीय परीक्षण करके फरजाना बेगम को मृत घोषित कर दिया। मृतका के 15 वर्षीय एक पुत्र तथा पुत्री है, घर में जब फरजाना की मौत की खबर पहुंची तो घर में मातम छा गया।
हमीरपुर में बाइक और कार की भिड़ंत में एक युवक की मौत चार घायल
जलालपुर मार्ग पर उमरिया गांव के पास कार और बाइक की भिडं़त में एक युवक की मौत हो गई। दो बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। पुलिस ने मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के अनुसार जरिया थाने के अमूंद गांव निवासी मोहित पुत्र जागेश्वर का विवाह कछवाकला गांव निवासी प्रताप की पुत्री संगीता के साथ तय हुआ था। रविवार को अमूंद गांव से मोहित की बारात कछवाकला जा रही थी। बारात में मोहित का भतीजा पंकज पुत्र इंद्रपाल अपने रिश्तेदार चंदू पुत्र देवीदीन निवासी सरीला व अन्नू पुत्र संतोष निवासी कुलपहाड़ जनपद महोबा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बारात में शामिल होने के लिए कछवाकला जा रहे थे। रविवार की रात करीब 9 बजे उमरिया गांव के तिगैला पर भैंसाय मार्ग से अचानक बाइक सड़क पर आ गई। जिससे राठ से जलालपुर की ओर जा रही एक कार से जोरदार टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर सवार पंकज की मौत हो गई।
चंदू और अन्नू सड़क पर गिरकर घायल हो गये। उसी दौरान दूसरी बाइक पर खुशी पुत्री देवीदीन निवासी सरीला व जशोदा पुत्री ब्रजभान निवासी पवई को लेकर पीछे से आ रहे उसके रिश्तेदार नितिन ने जब हादसे को देखा तो हड़बड़ाहट में उसकी भी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क पर फिसल गई। जिससे हुए हादसे में बाइक पर सवार किशोरी जशोदा और खुशी गिरकर घायल हो गई। मौके पहुंची एंबुलेंस के द्वारा आनन-फानन में सीएचसी ले जाया गया। मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि पंकज हरियाणा के रोहतक में मजदूरी कर अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। मामले में जरिया थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
महोबा में ई-रिक्शा पलटने से आधा दर्जन यात्री घायल
झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में पनवाड़ी के नजदीक रसीद ढाबा के सामने ई-रिक्शा पलट जाने से आधा दर्जन से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। ई-रिक्शा पलटते ही चीख-पुकार मच गयी जिससे आस-पास के लोग और दुकानदार दौड़ पड़े रिक्शे को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पनवाड़ी ले जाया गया। जहां पर उनका उपचार किया गया। लेकिन चालक समेत तीन यात्रियों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल महोबा के लिए रिफर कर दिया।
सोमवार को थाना पनवाड़ी के ग्राम नकरा से ई-रिक्शा चालक मुहम्मद इस्लाम सात सवारियों को बैठाकर पनवाड़ी ला रहा था तभी पनवाड़ी से कुछ पहले रसीद ढाबा के सामने तेज रफतार से आ रहे ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और रिक्शा सड़क पर पलट गया। रिक्शा पलटते ही सभी सवारियां रिक्शे में दब गई। यात्रियों की चीख पुका सुनकर आस-पास के लोग और दुकानदारों ने दौड़कर सभी यात्रियों को रिक्शा सीधा करके निकाला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पनवाड़ी में भर्ती कराया गया। जहां पर कंधीलाल 60 पुत्र हरप्रसाद अहिरवार,हरिया 75 पुत्र हरप्रसाद निवासीगण नकरा व ई-रिक्शा चालक मुहम्मद इस्लाम 47 पुत्र मुख्तार निवासी चुरारी की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। जहां पर जिला अस्पताल के डाॅक्टरों ने घायलों का चेकअप कर उपचार शुरु कर दिया है उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
ई-रिक्शा में सवार प्रकाशरानी 60 पत्नी लक्ष्मण, नंदराम 42 पुत्र प्रताप, क्रांति 40 पत्नी नंदराम, मुन्नालाल 45 पुत्र हरदयाल निवासीगण नकरा का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पनवाड़ी में चल रहा है। इन यात्रियों को चोटें कम आने के कारण पनवाड़ी सीएचसी में सभी को भर्ती कराया गया है। डाॅक्टर का कहना है कि घायलों की स्थिति अब ठीक है जल्द ही उनकी छुट्टी कर दी जायेगी।
