अयोध्या : ओएफसी केबल में फाल्ट से घंटों बीएसनएल का नेटवर्क रहा ध्वस्त
अमृत विचार, अयोध्या । फैजाबाद से सुल्तानपुर के बीच बिछी आॅप्टिकल फाइबर केबल लाइन में फाल्ट आ जाने के चलते सोमवार को घंटों जनपद समेत पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर में बीएसएनल की सेवाएं ठप रहीं। विभाग ने मशक्कत कर 7 घंटे बाद लाइन को गोंडा डायवर्ट कर मोबाइल सेवाएं तो बहाल करा लीं, लेकिन अभी लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड सेवा को बहाल करने के लिए फाल्ट का दूर होने का इंतजार है।
सोमवार की सुबह लगभग 10:00 बजे मोबाइल धारकों को कॉल कनेक्ट ना होने की शिकायत हुई तो हलचल मची और छानबीन में पता चला कि बीएसएनएल की केबल मोबाइल सेवा ही बाधित नहीं है बल्कि लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड सेवा भी बंद हो गई है। यह हाल केवल अपने जिले अयोध्या का ही नहीं है बल्कि पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर में भी बीएसएनल की सभी सेवाएं बाधित हैं। उधर विभाग ने मशक्कत शुरू की तो पता चला कि फैजाबाद से सुल्तानपुर के बीच मेन आॅप्टिकल फाइबर लाइन पर फैजाबाद व बीकापुर के बीच कहीं फाल्ट आ गई है। इसके बाद तकनीकी टीम को फाल्ट को लोकेट करने के लिए मैदान में उतारा गया और उच्चाधिकारियों से वार्ता के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सेवाओं को बहाल करने की कवायद शुरू हुई। हालांकि इस कवायद में कई घंटे लग गए और लगभग 7 घंटे बाद मेन लाइन को गोंडा डायवर्ट कर विभाग ने मोबाइल सेवाओं को बहाल कराया। हालांकि अभी भी बीएसएनल की लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड सेवा बहाल नहीं हो पाई है।
तकनीकी टीम मरम्मत में जुटी
बीएसएनल के महाप्रबंधक ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सुल्तानपुर रोड पर ओएफसी केबल में फाल्ट आ गई है। मेन लाइन को गोंडा डायवर्ट कर मोबाइल सेवाओं को शुरू करा दिया गया है। विभाग की तकनीकी टीम फाल्ट को लोकेट कर उसके मरम्मत की कवायद में जुटी है। जल्द ही लैंड लाइन और ब्रॉडबैंड सेवा भी बहाल कर दी जाएगी।
ये भी पढ़ें - बस्ती : राम प्रकाश पटेल अध्यक्ष, उमेश चंद्र वर्मा बने मंत्री
