Kanpur Dehat News : घर में लौटी बारात और बड़े भाई ने फांसी लगाकर दी जान, मानसिक रूप से परेशान था मृतक
कानपुर देहात में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी।
कानपुर देहात के रसूलाबाद थानाक्षेत्र में घर में लौटी बारात और बड़े भाई ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक मानसिक रूप से परेशान था।
कानपुर देहात, अमृत विचार। लाल गांव निवासी एक युवक ने गांव के बाहर जामुन के पेड़ में अंगौछे से फांसी लगाकर जान दे दी। उसके छोटे भाई की बरात सोमवार को घर में लौटी थी। मृतक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। मौत से शादी वाले घर में कोहराम मच गया है और विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं।
लाल गांव निवासी विद्यासागर के बड़े बेटे नीरज उर्फ दलजीत (35) ने सोमवार को गांव के बाहर लगे जामुन के पेड़ में अंगौछे से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। उसका कानपुर के मनोचिकित्सक के यहां उपचार भी हुआ था। बताते हैं कि उसके छोटे भाई पंकज की बारात रविवार को ताजपुर तरसौली रसूलाबाद गई थी। जहां से विदा होकर सोमवार बारात घर लौटी। इसी दौरान नीरज कहीं निकल गया और गांव के बाहर पेड़ में अंगौछे से फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी।
ग्रामीणों ने उसे फांसी पर लटके देखा तो इसकी सूचना उसके पिता विद्यासागर को दी। मृतक नीरज के तीन लड़कियां है। लगभग 25 दिन पूर्व भी नीरज ने घर में पैंट से फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। तब गांव वालों ने दरवाजा तोड़कर उसे बचा लिया था। परिजनों की माने तो वह बारात में भी फांसी लगा लेने की बात बार-बार कह रहा था। घरवाले उस पर बराबर निगाह रखे थे, लेकिन सोमवार को वह निगाह बचाकर गांव के बाहर चला गया और फांसी पर लटक गया।
मौत पर पिता विद्यासागर, मां उर्मिला, पत्नी रचना, तीन बेटियां, भाई पंकज का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी रामगोविंद मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। मौके पर हलका इंचार्ज रामकिशोर को भेजा गया, लेकिन पुलिस पहुंचने के पूर्व परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की छानबीन की जा रही है।
