PHOTOS : भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों में कैसे छाया रहा 3-C, 3-D और 3-E फॉर्मूला! सिडनी में PM नरेंद्र मोदी ने समझाया

PHOTOS : भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों में कैसे छाया रहा 3-C, 3-D और 3-E फॉर्मूला! सिडनी में PM नरेंद्र मोदी ने समझाया

सिडनी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि आज भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की सबसे मजबूत और सबसे बड़ी नींव ‘परस्पर विश्वास व परस्पर सम्मान’ है तथा इसका श्रेय ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले हर एक प्रवासी भारतीय और ऑस्ट्रेलिया के नागरिकों को जाता है। मोदी के यहां आने के अवसर पर एक उपनगर का नाम बदलकर ‘लिटिल इंडिया’ किया गया, जो दोनों रणनीतिक साझेदारों के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है।

Image

 अपने ऑस्ट्रलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी ने यहां के कूडोस बैंक एरिना में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए ब्रिस्बेन में भारतीय वाणिज्य दूतावास खोले जाने की भी घोषणा की। इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न हिस्सों से आए, करीब 21,000 लोग मौजूद थे। इस दौरान उत्साहित लोगों ने 'मोदी-मोदी' के नारे भी लगाए। 

Image

इस अवसर पर अल्बनीज ने कहा कि मोदी जहां भी जाते हैं उनका ‘रॉकस्टार’ की तरह स्वागत होता है और जिस प्रकार यह आज हुआ है वैसा महान गायक ब्रूस स्प्रिंगस्टीन का भी नहीं किया गया। मोदी ने भारत को ‘वैश्विक भलाई की ताकत’ और विश्व अर्थव्यवस्था का ‘चमकता सितारा’ करार देते हुए कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार प्रगाढ़ हो रहे हैं।

Image

 उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि पिछले साल आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय व्यापार अगले पांच साल में दोगुने से अधिक हो जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब हम एक व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते पर काम कर रहे हैं। हम लचीली और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण कर रहे हैं। 

Image

इससे दोनों पक्षों के कारोबार को गति मिलेगी और दुनिया को नया भरोसा मिलेगा।’’ ‘नमस्ते ऑस्ट्रेलिया’ के संबोधन से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा कि एक समय था जब भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की व्याख्या ‘ट्रिपल सी’ यानी कॉमनवेल्थ (राष्ट्रमंडल), क्रिकेट और करी से होती थी और उसके बाद कहा गया कि दोनों देशों के संबंध ‘थ्री डी’ पर आधारित हैं यानी डेमोक्रेसी (लोकतंत्र), डायस्पोरा (प्रवासी) और दोस्ती।

Image

मोदी ने कहा कि कुछ लोगों ने यह भी कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध ‘थ्री ई’ यानी एनर्जी (ऊर्जा), इकोनॉमी (अर्थव्यस्था) और एजुकेशन (शिक्षा) पर आधारित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कभी ‘सी’ कभी ‘डी’ और कभी ‘ई’। 

Image

भारत और ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक संबंधों का विस्तार इससे कहीं ज्यादा बड़ा है। सच्चाई यह है कि दोनों देशों के संबंधों की वास्तविक गहराई सी डी और ई से परे है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस रिश्ते की सबसे मजबूत और सबसे बड़ी नींव वास्तव में परस्पर विश्वास और परस्पर सम्मान है और यह सिर्फ भारत-ऑस्ट्रेलिया के कूटनीतिक रिश्तों से विकसित नहीं हुआ है। इसकी असली वजह है ऑस्ट्रेलिया में रहने वाला हर एक भारतीय...इसकी असली वजह हैं ऑस्ट्रेलिया के ढाई करोड़ से ज्यादा नागरिक।’’

Image

 मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच भौगोलिक दूरी जरूर है, लेकिन हिंद महासागर इन्हें आपस में जोड़ता है, जीवनशैली भले अलग-अलग हों पर अब योग भी इन्हें जोड़ता है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट से तो दोनों देश ना जाने कब से जुड़े हुए हैं, लेकिन अब टेनिस और फिल्में भी इन्हें जोड़ रही हैं। मोदी ने कहा कि जब ऑस्ट्रेलियाई स्पिन गेंदबाज शेन वार्न का निधन हुआ तो लाखों भारतीय भी दुखी थे। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था का चमकता सितारा बताए जाने का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि विश्व बैंक के अनुसार अगर कोई देश वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा है तो वह भारत है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने सबसे चुनौतीपूर्ण समय में भी रिकॉर्ड निर्यात किया है।’’ 

Image

उन्होंने कहा कि भारत के पास क्षमता की कोई कमी नहीं है और संसाधनों की भी कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘आज, जिस देश में दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे कम उम्र की प्रतिभा का कारखाना है... वह भारत है।’’ प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के शहर ब्रिस्बेन में भारतीय वाणिज्य दूतावास खोले जाने और आने वाले दिनों में दोनों देशों के प्रमुख शहरों के बीच विमानों की संख्या बढ़ाए जाने की भी घोषणा की। मोदी ने कहा, ‘‘सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों के साथ जुड़ना बेहद खुशी की बात है।’’ 

Image

उन्होंने कहा, ‘‘आज मैं आपके पास आया हूं, तो एक घोषणा भी करने जा रहा हूं। ब्रिस्बेन में भारतीय समुदाय की बहुत समय से जो मांग थी, उसे पूरा किया जाएगा। जल्द ही ब्रिस्बेन में भारत का एक वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की गहरी होती साझेदारी प्रत्येक भारतीय को सशक्त करेगी, क्योंकि उनके पास प्रतिभा और कौशल की ताकत है और साथ ही अपने सांस्कृतिक मूल्य भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह मूल्य आपको ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ घुल मिलकर रहने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।’’

Image

 मोदी ने सिडनी के उपनगर ‘लिटिल इंडिया’ की आधारशिला रखने में उनका समर्थन करने के लिए अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष अल्बनीज को धन्यवाद दिया। हैरिस पार्क का नामकरण ‘लिटिल इंडिया’ करने की घोषणा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज ने सामुदायिक कार्यक्रम में मोदी का स्वागत करते हुए की। हैरिस पार्क पश्चिमी सिडनी में एक केंद्र है, जहां भारतीय समुदाय दिवाली और ऑस्ट्रेलिया दिवस जैसे त्योहार और कार्यक्रम मनाता है। 

Image

मोदी ने सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘धन्यवाद मेरे दोस्त एंथनी।’’ उन्होंने कहा, 'मैं न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर, पेरामेटा शहर के मेयर और उप मेयर और पार्षदों को इस विशेष सम्मान के लिए धन्यवाद देता हूं।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में रह रहे प्रवासी भारतीयों को भारत का ‘सांस्कृतिक दूत’ और भारत का ‘ब्रांड एंबेसडर’ करार दिया और उनसे आग्रह किया कि वह जब भी अपने वतन आएं किसी न किसी अपने ऑस्ट्रेलियाई मित्र को साथ जरूर लेकर आएं। 

Image

उन्होंने कहा, ‘‘इससे उन्हें भारत को समझने और जानने का और ज्यादा बेहतर मौका मिलेगा।’’ उन्होंने कहा कि एक-दूसरे की डिग्री को मान्यता देने की दिशा में दोनों देश आगे बढ़े हैं और दोनों जगहों के छात्रों को बहुत लाभ होगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ‘माइग्रेशन और मोबिलिटी पार्टनरशिप एग्रीमेंट’ पर भी सहमति बनी है और इससे भारतीयों के लिए ऑस्ट्रेलिया आना और यहां काम करना आसान होगा।

Image

 अपने संबोधन की शुरुआत में मोदी ने कहा कि वह 2014 में जब ऑस्ट्रेलिया आए थे तब यहां के प्रवासी भारतीयों से एक वादा किया था कि उन्हें भारत के किसी प्रधानमंत्री को 28 साल तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ज्ञात हो कि 2014 में 28 साल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था।

ये भी पढ़ें:- ऑस्ट्रेलिया में PM मोदी का जलवा, भारत के सम्मान में हैरिस पार्क का नाम बदलकर रखा 'लिटिल इंडिया'

ताजा समाचार

संतकबीरनगर में बोले ब्रजेश पाठक- कांग्रेस व सपा ने दिया भ्रष्टाचार को बढ़ावा
Banda: डोली की जगह अब उठेगी अर्थी! बेटे ने कार से पिता को कुचला फिर दस मीटर तक घसीटा, मौत
बरेली: पांच साल से बिजली-पानी की समस्या से जूझ रहे सुपर सिटी के लोग, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
इलाहाबाद हाईकोर्ट: पेंशन राशि की गणना का आधार दैनिक वेतनभोगी के रूप में दी गई सेवाएं नहीं
लखनऊ: एक दिन में 127.51 लाख की शराब, ड्रग और नकदी बरामद, मिर्जापुर में पकड़ी गई 38 लाख रुपए की ड्रग
मुरादाबाद: कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओ में बांट देगी गरीबों की संपत्ति- CM योगी