मुरादाबाद : एमडीए की प्रवर्तन टीम ने सील किया अवैध निर्माण, कार्रवाई से हड़कंप
काशीपुर रोड पर किया गया था अवैध निर्माण, नोटिस के बाद भी निर्माण करने पर पर वाद में पारित आदेश पर टीम पहुंची
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को काशीपुर रोड पर अवैध निर्माण को सील करने की कार्रवाई की। प्रवर्तन टीम के इस कदम से आसपास निर्माण करा रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
टीम ने मोहम्मद सानू द्वारा ग्राम गोदी हमीरपुर बाजार के पास काशीपुर रोड पर लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के भूखंड पर भूतल पर अवैध रूप से निर्मित तीन कमरे व हाल को सील किया। इस निर्माण के विरुद्ध उत्तर प्रदेश शहरी योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27 व 28 के अन्तर्गत वाद संख्या 805/2022 कायम कर नोटिस जारी किया गया था। लेकिन इसके बाद भी निर्माण जारी रहने पर कार्रवाई की गई।
वहीं टीम ने शरीफ पुत्र छिद्दा द्वारा बरबरा मजरा, काशीपुर रोड़ पर जिम्मा मार्केट के सामने बड़ा खड़ंजा मार्ग पर लगभग 40’×70’के भूखंड पर दो कमरा व एक हॉल, सीढ़ी और 10 दुकान निर्मित किए जाने के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की। इस मामले में वाद संख्या-986/2022-23 के अन्तर्गत निर्माण कार्य जारी रखने के कारण परिसर को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान जोन प्रभारी केएन जगूड़ी, अवर अभियन्ता मानिक चन्द्र गुप्ता, रामप्रकाश खरे तथा प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ते के साथ ही भोजपुर और कटघर थाने के पुलिस बल मौजूद रहे।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का कहना है कि प्राधिकरण से बिना अपने भवन का मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण न कराएं। भवन या भूखंड पर अवैध निर्माण की स्थिति में प्राधिकरण नियमानुसार कार्रवाई कर भवन को सीलबन्द करने के साथ ध्वस्त भी कर सकता है। जिसकी सभी जिम्मेदारी निर्माणकर्ता की होगी। उन्होंने यह भी अपील किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में कोई भी भूखंड या भवन या व्यावसायिक प्रतिष्ठान की खरीद बिक्री करने से पहले प्राधिकरण कार्यालय में आकर उसके बारे में जानकारी कर लें। अवैध होने की दशा में कार्रवाई निश्चित है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: उत्तराखंड, दिल्ली भेजा जा रहा 2140 क्विंटल गेहूं जब्त
