मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, तीन की मौत, 20 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में आयोजित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में जा रही एक बस एक मोटरसाइकिल से टकराने के बाद पलट गयी। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों सहित तीन की मौत हो गयी और बीस अन्य घायल हो गए।

ये भी पढ़ें - नीति आयोग की बैठक में भाग नहीं लेंगी ममता बनर्जी

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री चौहान के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही बस उमरिया जिला मुख्यालय के समीप घंघरी गांव के पास एक मोटरसाइकिल से टकराने के बाद पलट गयी। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो लोग शिवस विश्वकर्मा और घनश्याम विश्वकर्मा की घटना स्थल पर मृत्यु हो गयी। इसके अलावा बस में सवार नीलेश सिंह की हादसे के दौरान घटना स्थल पर ही मृत्यु हुई है।

वहीं, लगभग बीस लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बतायी गयी है। घायलों को समीप के अस्पताल ले जाया गया है। बस मानपुर जनपद से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने लोगों को लेकर आ रही थी। उसके आगे मोटर साइकिल पर दो युवक चल रहे थे, जिसको बचाने के लिये बस चालक की कोशिश करने के कारण बस घंघरी के समीप पलट गयी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे में मृतकों को दस-दस लाख रुपए और शासकीय नौकरी परिवार के एक सदस्य को देने की घोषणा की है। वहीं, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार और साधारण घायलों को 10 हजार रुपए आर्थिक सहायता मुहैया कराने के साथ उपचार प्रदान करने की घोषणा की।

बस दुर्घटना में घायल लोगों को देखने राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री श्री चौहान जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने दुर्घटना में मृतक व्यक्तियों के परिजन एवं घायलों से मुलाकात कर उनसे चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि घायलों का समुचित उपचार किया जाए तथा उन्हें बेहतर से बेहतर उपचार मुहैया कराया जाए। 

ये भी पढ़ें - अडाणी समूह की सात कंपनियों के शेयर नुकसान में, एंटरप्राइजेज लगभग छह प्रतिशत टूटा

संबंधित समाचार