बदायूं: दुष्कर्म के आरोपी ने उघैती थाने में की आत्महत्या की कोशिश

बदायूं: दुष्कर्म के आरोपी ने उघैती थाने में की आत्महत्या की कोशिश

बदायूं/उघैती, अमृत विचार। कोर्ट से वारंट जारी होने पर गिरफ्तार किए गए दुष्कर्म के आरोपी ने बुधवार सुबह उघैती थाने में आत्महत्या करने की कोशिश की। वह शौच के बहाने शौचालय के अंदर गया और गले में पैंट का फंदा लगाकर खिड़की से लटक गया। काफी देर इंतजार करने के बाद पुलिस ने शौचालय का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा कुछ और था। आरोपी को शौचालय से निकालकर पहले सीएचसी और फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से उसे बरेली रैफर कर दिया गया। उधर, परिजनों ने सिपाहियों पर पिटाई करने और गला दबाने का आरोप लगाया है। 

करीब पांच वर्ष पहले थाना उघैती क्षेत्र के गांव सलामतपुर भूड़ निवासी पन्नालाल पुत्र लटूरी के खिलाफ जरीफनगर थाने में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा था। हालांकि बाद में वह जमानत पर जेल से छूट गया। इसके बाद आरोपी पन्नालाल और पीड़ित पक्ष के बीच समझौता हो गया था। दोनों पक्ष ने समझौते की जानकारी अदालत को दी थी, लेकिन कोर्ट ने समझौता स्वीकार नहीं किया। इससे कोर्ट में मुकदमा चलता रहा, लेकिन आरोपी पन्नालाल तारीख पर नहीं पहुंचा। इस पर कोर्ट ने आरोपी पन्नालाल के खिलाफ कई बार वारंट जारी किए थे।

चूंकि आरोपी उघैती थाना थाना क्षेत्र का रहने वाला था। इसलिए जरीफनगर पुलिस ने कोर्ट से जारी वारंट थाना उघैती को दे दिए। इस पर उघैती पुलिस मंगलवार की शाम 7 बजे आरोपी पन्नालाल को गिरफ्तार करने उसके गांव पहुंची। वहां उसी गांव के विष्णु के घर उनके बच्चे के मुंडन संस्कार की दावत चल रही थी। उस दावत में पन्नालाल भी शामिल था। पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया और उघैती थाने ले गई। बुधवार को उसे कोर्ट के सामने पेश करने के लिए कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे पन्नालाल ने शौच जाने की बात थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों से कही। दो सिपाही उसे शौचालय तक ले गए। आरोपी पन्नालाल शौचालय के अंदर गया तो बाहर नहीं निकला। शौचालय के बाहर खड़े सिपाही ने इंतजार करने के बाद पन्नालाल का नाम लेकर कई आवाजें दीं और दरवाजा खटखटाया। मगर उसने अंदर से कोई जवाब नहीं दिया। उसके बताने पर दूसरे सिपाही पहुंच गए और शौचालय का दरवाजा तोड़ दिया। 

उन्होंने देखा तो पन्नालाल गले में पैंट का फंदा लगाकर शौचालय की खिड़की से बेहोशी हालत में लटका हुआ था। उसी हालत देखकर सिपाही घबरा गए। उनके बताने पर थाने में भगदड़ मच गई। फौरन उसे शौचालय से बाहर निकालकर बिल्सी  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। इसकी सूचना मिलने पर पन्नालाल के परिवार वाले मेडिकल कॉलेज जा पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर पन्नालाल को जमकर पीटने और गला दबाने का आरोप लगाया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो बरेली हायर सेंटर रैफर कर दिया। उसका बरेली के भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जाती है।

ढाई घंटे कराया इंतजार तब दी जानकारी
परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह वह पन्नालाल से मिलने के लिए थाना उघैती गए थे। वहां उससे मिलवाने को कहा तो पुलिस वाले टालमटोल करते रहे। करीब ढाई घंटे से ज्यादा समय तक उन्हें थाने में बैठाए रखा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के भतीजे को फोन करके पन्नालाल की तबियत खराब होने की जानकारी दी। बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया है। 

घटना के बाद थाने में पसरा सन्नाटा
वारंटी पन्ना लाल को कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस ने कागजात तैयार कर लिए थे। इसी दौरान शौचालय में जाकर फंदे से लटक गया। उसे अस्पताल ले जाने के बाद उघेती थाने में सन्नाटा पसर गया। ज्यादातर पुलिसकर्मी उसे इलाज के लिए ले गए।

आरोपी युवक के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में पुलिस उसे पकड़ा था। उघैती उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच वह शौचालय के अंदर गया और फंदे पर लगाकर लटक गया। बरेली के एसआरएमएस में उसका इलाज कराया जा रहा है। - डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी, बदायूं

ये भी पढे़ं- बदायूं: SDM ने खत्म कराया विद्युत संविदा कर्मियों का धरना, भुगतान करने का दिया आश्वासन