अमरोहा : नशे की दवा बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच लोग गिरफ्तार
10 लाख रुपये के नशे के इंजेक्शन, कैप्सूल, नकदी और बाइक बरामद, संभल, बदायूं व अमरोहा के रहने वाले हैं सभी आरोपी
अमरोहा, अमृत विचार। मंडी धनौरा पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और एएचटीयू (एंटी हयूमैन ट्रैकिंग यूनिट) की टीम ने नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपी संभल, एक बदायूं व एक अमरोहा का रहने वाला है। इनसे 72,000 नशे के कैप्सूल, 2,000 नशे के इंजेक्शन, घटना में प्रयुक्त दो बाइक, छह मोबाइल फोन और 46,000 रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस पकड़े गए नशीले पदार्थों का अनुमानित मूल्य 10 लाख रुपये आंक रही है।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने घटना खुलासा करते हुए बताया कि 25 मई की सुबह मंडी धनौरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम नौगावां फाटक फीना मोड के पास चेकिंग कर रही थी। तभी टीम ने दो बाइकों पर सवार जय कुमार त्यागी, राजेश कुमार शर्मा, नीरज कुमार सक्सेना और जतिन सैनी को पकड़ लिया। इनके पास से एक पेटी में दो हजार इंजेक्शन व दूसरी पेटी में 14400 कैप्सूल मिले। आरोपियों की निशानदेही पर सोनू के बाग के पास जर्जर कमरे में चार पेटी में 57600 कैप्सूल के साथ फुरकान को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार की उपस्थिति में आरोपी की तलाशी ली गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि प्रकाश फार्मा कंपनी जनपद सम्भल में एमआर व सेल्समैन का कार्य सात वर्ष पूर्व से करते थे। इस कारण आपस में दोस्त हो गए थे। जय कुमार त्यागी प्रकाश फार्मा कम्पनी में एमआर था। शेष अन्य दवाओं को पहुंचाने व मेडिकल स्टोर से पैसे इकठ्ठे करते थे। 2017 में जय कुमार त्यागी ने अपना मेडिकल स्टोर खोल लिया व फुरकान ने अपने गांव में अपना छोटा क्लीनिक खोला। जय कुमार त्यागी व राजेश शर्मा दोनों मेडिकल स्टोर में पार्टनर थे।
जतिन व नीरज सक्सेना दवा बेचे थे। नीरज का इस्लामनगर बदायूं में अपना मेडिकल स्टोर है। आरोपी कम समय में अधिक धन कमाने के लालच में नशे की दवा बेचते हैं। नीरज सक्सेना दिल्ली के अश्वनी वशिष्ठ से बिना बिल के कैप्सूल मंगाता था। नशे के इंजेक्शन जय कुमार त्यागी व राजेश शर्मा दोनों आगरा के मनोज उर्फ राकेश से बिना बिल के मंगाते थे। एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर नशे के कैप्सूल व इंजेक्शन बेचकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते हैं। आरोपी सम्भल, जोया, अमरोहा, हसनपुर, गजरौला, धनौरा आदि में नशे की दवा बेचते थे।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : कारोबार में हिस्सेदारी का झांसा देकर 92 लाख हड़पे, चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
