मुरादाबाद : टीएमयू में भर्ती कोरोना संक्रमित ने छठवीं मंजिल से कूदकर दी जान
मुरादाबाद/अमृत विचार। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में कोविड-19 वार्ड में भर्ती एक कोरोना संक्रमित मरीज ने छठीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मरीज को तीन दिन पहले ही यहां पर भर्ती कराया गया था और वह किसी प्राइवेट बीमा कंपनी में कार्यरत था। संक्रमित मरीज के कूदने की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप …
मुरादाबाद/अमृत विचार। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में कोविड-19 वार्ड में भर्ती एक कोरोना संक्रमित मरीज ने छठीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मरीज को तीन दिन पहले ही यहां पर भर्ती कराया गया था और वह किसी प्राइवेट बीमा कंपनी में कार्यरत था। संक्रमित मरीज के कूदने की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस-प्रशासनिक अफसरों की टीम मौके पर पहुंच गई।
वार्ड के आसपास लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस ने जब पीड़ित के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनको निराशा हाथ लगी। वजह रजिस्टर में मरीज ने केवल अपना नंबर ही दर्ज कराया था। खबर लिखे जाने तक पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही थी।
घटना देर शाम पाकबड़ा थाना क्षेत्र में पड़ने वाली टीएमयू में हुई। टीएमयू में कोविड वार्ड की स्थापना की गई है, जिसमें जिले के तमाम कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं। बताते हैं कि 25 अगस्त को एक कोरोना संक्रमित मरीज एंबुलेंस से टीएमयू पहुंचा। रजिस्टर में उसने खुद को सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रामगंगा विहार कालोनी निवासी राजेश कुमार दर्ज कराया। इसके बाद उसे कोविड-19 वार्ड में भर्ती कर दिया गया। उसका बेड वार्ड की छठवीं मंजिल पर था।
देर शाम करीब आठ बजे वह वार्ड में टहलने लगा। इसके बाद वह खिड़की के पास खड़ा हो गया और कुछ मिनट तक इधर-उधर देखता रहा। करीब पांच मिनट बाद उसने खिड़की से छठीं मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उसकी मौके पर मौत हो गई। वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों ने शोर मचाया तो अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना हुई। आनन-फानन में स्टॉफ मौके पर आ गया। कोरोना संक्रमित मरीज द्वारा कूदकर जान देने की सूचना पर पाकबड़ा पुलिस के अलावा प्रशासनिक और स्वास्थ्य अफसरों की टीम भी मौके पर आ गई।
अफसरों ने जब सीसीटीवी चेक किया तो उसमे पूरी घटना कैद थी। इसके बाद पुलिस ने जब परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया तो मालूम हुआ कि उसने अपने अलावा किसी भी परिजन का नंबर रजिस्टर पर दर्ज नहीं कराया है। इसके बाद पाकबड़ा पुलिस ने सिविल लाइंस पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। खबर लिखे जाने तक अफसर परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे। जबकि शव को फिलहाल टीएमयू में अलग रखवा दिया गया है।
तो क्या परिजनों को बिना बताए भर्ती हुआ था राजेश
कोरोना संक्रमित राजेश द्वारा छठीं मंजिल से कूदकर जान देने की सूचना मिलने पर आला अफसर मौके पर पहुंच गए। परिजनों के संबंध में जानकारी की तो मालूम हुआ कि उसने अपने परिवार के संबंध में किसी को भी जानकारी नहीं दी है। रजिस्टर में भी केवल उसका नंबर ही दर्ज था। पूछताछ करने पर स्टॉफ ने बताया कि जब वह भर्ती हुआ था तो दूसरा नंबर भी पूछा गया था लेकिन फोन न होने की बात कहकर नंबर नहीं दिया था। इसके बाद पुलिस ने उस एंबुलेंस चालक से संपर्क करके बुलाया। टीएमयू पहुंचे एंबुलेंस चालक ने बताया कि वह राजेश को रामगंगा विहार से लेकर आया था। घर के संबंध में पूछा तो उसने बताया कि राजेश ने कहा था कि एंबुलेंस लेकर घर नहीं आना है। फोन कर देना तो वह कुछ दूरी पर मिल जाएगा। जिस कारण घर की जानकारी नहीं हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि राजेश ने खुद को कोरोना संक्रमित होने की जानकारी परिजनों को नहीं दी और खामोशी से यहां आकर भर्ती हो गया।
दस दिन के अंदर हुई दूसरी मौत
मुरादाबाद। दस दिन के अंदर टीएमयू में भर्ती दूसरे कोरोना संक्रमित मरीज की मौत का मामला सामने आया है। 19 अगस्त को बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम ग्वारऊ निवासी भीष्म सिंह की पत्नी कविता की दो मंजिल से कूदकर मौत हो गई थी। हादसे से एक दिन पहले ही कोरोना संक्रमित आने पर परिजनों ने कविता को टीएमयू में भर्ती कराया था। वार्ड से भागने के प्रयास में कविता का पैर फिसल गया था और नीचे गिरकर उसकी मौत हो गई थी। पीएम रिपोर्ट में ऊंचाई से गिरने के कारण सिर की हड्डियां टूटने और लीवर फटने से मौत होने की पुष्टि हुई थी। अब गुरुवार को राजेश ने छठीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।
