बरेली: हाईकोर्ट का वकील बताकर वकील से 75 हजार रुपये ठगे, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताकर एक यूट्यूवर ने एक वकील से 75 हजार रुपये की ठगी कर ली। रुपये मांगने पर आरोपी ने धमकी दी और व्हाट्सएप और मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। वकील ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर किला पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

किला के बड़ा बाग कूंचा सीताराम निवासी वकील अनिल कुमार रस्तोगी ने बताया कि उनकी बहू ने बदायूं में पारिवारिक विवाद का मुकदमा कायम कराया है। उन वादों में सही और उचित राय लेने के लिए वह किसी विशेषज्ञ की तलाश कर रहे थे। उन्होंने यूट्यूव पर लीगल ईगल चैनल के राहुल जैफ से वार्ता की। राहुल ने बात करने की फीस 500 रुपये बताई। तब उन्होंने रुपये जमा कर दिए। इसके बाद उनकी राहुल से बात हुई।

राहुल ने हर बार बात करने के लिए उनसे 500 रुपये लिए। इसके बाद उसने बताया कि वह राजस्थान के जयपुर में बड़ा वकील है। कानूनी शिक्षा के लिए कोर्स चलाता है। इसमें पांच केसों की राय, ड्राफ्टिंग आदि कराकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार राय देता रहेगा। इसके लिए पहले 75 हजार रुपये देकर पंजीकरण कराने को कहा। राहुल के कहने पर उन्होंने रुपये जमा करके पंजीकरण करा लिया।

इसके बाद उन्होंने कानूनी राय मांगी तो आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजने को मना किया और अपने कार्यालय की देविका सिंह ने अप्वाइंटमेंट लेने को कहा। जब अप्वाइंटमेंट ले लिया तो भी उनके मोबाइल पर न तो कोई संदेश आया और न ही कॉल। तब उन्होंने देविका सिंह से बात की। इस पर वह डराने धमकाने लगी। 11 अप्रैल को दोनों ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। राहुल और देविका ने उनसे रुपये की ठगी कर ली है। किला पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें- 300 बेड अस्पताल: पैथोलॉजी लैब में अधिकांश जांच मशीनें खराब, मरीज हो रहे परेशान

संबंधित समाचार