बदायूं: हमारे परिवार के मार्गदर्शक थे पप्पू भैया: वरुण गांधी
बदायूं, अमृत विचार। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव व पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी शुक्रवार को बदायूं पूर्व विधायक स्व. अवनीश कुमार सिंह के आवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। यहां उनके परिजनों से बातचीत के दौरान वरुण गांधी ने कहा कि पप्पू भैया हमारे परिवार के मार्गदर्शक की भूमिका में रहे।
सांसद वरुण गांधी शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे कार द्वारा बदायूं पहुंचे। यहां बालाजी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे भाजपा नेता राहुल रावत के घर गए। जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। सूक्ष्म जलपान के बाद वरुण गांधी पूर्व विधायक स्व. अवनीश कुमार सिंह के घर गए।
कई बार विधायक रहे अवनीश कुमार सिंह उर्फ पप्पू भईया का हाल ही में निधन हो गया था। उनके घर पहुंचने पर वरुण गांधी ने अवनीश कुमार सिंह उर्फ पप्पू भईया के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पप्पू भैया से हमारे परिवार का बहुत पुराना रिश्ता रहा है। वह हमारी ताकत थे। उन्होंने मुझे सदैव बहुत स्नेह किया। मेरी मां (मेनका गांधी) को आंवला से सांसद बनाने में पप्पू भैया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जब वह आंवला से चुनाव लड़ने के लिए आंवला पहुंचीं तो पप्पू भैया ने ही चुनाव की रणनीति बनाकर उन्हें जिताया था। उनका पप्पू भैया ने सदैव मार्ग दर्शन किया। उनके निधन से मैं बहुत दु:खी हूं। मां (मेनका गांधी) अस्वस्थ हैं। उन्होंने मुझे बदायूं आने को कहा। पप्पू भैया का चले जाना व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए अपूरणीय क्षति है। दु:ख की इस घड़ी में मैं इस परिवार के साथ हूं और आगे भी रहूंगा। सुबह करीब 10:30 बजे वरुण गांधी बदायूं से कार द्वारा रवाना हो गए।
इस मौके पर स्व. अवनीश कुमार सिंह की पत्नी राकेश कुमारी, पुत्र राहुल सिंह, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह, स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता, जिला महामंत्री अरुण प्रकाश, गोपाल शर्मा, पंकज शर्मा, नीतेश वार्ष्णेय, अनुभव उपाध्याय, अमन साहू, अक्षय सिंह, गुलशन प्रताप और आशीष शाक्य आदि उपस्थित रहे।
मुझे जो बोलना है संसद में बोलूंगा
बदायूं पहुंचने पर सांसद वरुण गांधी मीडिया से दूरी बनाए रहे। नवनिर्मित संसद भवन के उद्घाटन के बारे में पूछने पर उन्होंने इस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया। केवल इतना कहा कि साफ कहा कि इस मामले में जो बोलना है मैं संसद में ही बोलूंगा।
अमृत विचार संवाददाता के दोबारा सवाल करने पर उन्होंने कहा कि आज मैं इस परिवार के साथ दुख साझा करने आया हूं। इस समय किसी मामले पर बात करना ठीक नहीं होगा।
ये भी पढ़ें : बदायूं शहर मेरा घर, शहरवासी मेरे परिवार वाले: चेयरमैन फात्मा रजा
