बदायूं शहर मेरा घर, शहरवासी मेरे परिवार वाले: चेयरमैन फात्मा रजा
आबिद रजा बोले- जनता ने नफरत को हराया, मोहब्बत को जिताया
बदायूं, अमृत विचार। शहर के बदायूं क्लब में शु्क्रवार को आयोजित समारोह में नगर पालिका परिषद की नई चेयरमैन फात्मा रजा और सभी 29 सदस्यों नगर मजिस्ट्रेट ब्रजेश सिंह ने पद एवं उनके कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण का गवाह अधिकारी, नेता और जनता के साथ सभी समुदायों (हिंदु, मुस्लिम, सिख, ईसाई) के धर्मगुरु भी बने। इन सभी ने नई चेयरमैन से शहर का विकास और जनता की सेवा करने की अपील की।
इस मौके पर नई चेयरमैन फात्मा रजा ने कहा कि बदायूं शहर नहीं, उनका घर है और यहां के बाशिंदे उनके परिवार वाले हैं। उन्होंने जो वादे किए हैं जनता के लिए उससे ज्यादा करके दिखाएंगी। कार्यक्रम में सीओ सिटी आलोक मिश्रा और ईओ डॉ. दीप वाष्र्णेय भी मौजूद रहे7
शपथ ग्रहण का समय सुबह नौ बजे तय किया गया था, लेकिन कार्यक्रम करीब दो घंटे देर से शुरू हुआ। नई चेयरमैन फात्मा रजा के मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले उन्हें नगर मजिस्ट्रेट ब्रजेश सिंह ने शपथ दिलाई। इसके बाद 10-10 के ग्रुप बनाकर सभी 29 वार्ड सदस्यों का शपथ दिलाई गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने नई चेयरमैन फात्मा रजा व सभी वार्ड सदस्यों को बधाई देने के साथ शहर का विकास और जनता की समस्यायें दूर करने को कहा।
इस मौके पर नई चेयरमैन फात्मा रजा ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान शहर की हर गली मोहल्ले का भ्रमण किया। तब उन्होंने देखा की शहर की जनता बहुत दुखी है। उन्होंने कहा कि यह किसी धर्म बिरादरी की नहीं इंसानियत की जीत है। उन्हें हर धर्म और जाति के लोगों ने वोट दिया है।
फत्मा रजा ने कहा कि वर्ष 1989 में शहर को सांप्रदायिकता को जो कलंक लगा था उसे अबकी जनता ने एकमत होका धो दिया। यह चुनाव नहीं, बल्कि शहर की जनता की एकता का सबूत है। उन्होंने कहा कि मैं झूठ नहीं बोलती हूं। झूठ बोलने वालों का जनता ने जो हाल किया सबके सामने है। मैंने लोगों से जो वादे किए हैं, जनता के लिए उससे कहीं ज्यादा करुंगी।
उन्होंने इस जीत के लिए सभी धर्मगुरुओं और शहर की जनता के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि इस चुनाव में उन्होंने दोतरफा लड़ाई लड़ी। एक तरफ अपने खंजर लिए खड़े थे, दूसरी तरह पराये तलवार लिए थे। चुनाव में जनता सबसे मजबूत ताकत होती है, जो उनके साथ आखिर तक खड़ी रही।
आबिद रजा ने कहा कि मैं एक सच्चा मुसलमान हूं इसलिए इंसानियत की इज्जत और इंसानों की खिदमत करता हैं। इस चुनाव में जनता ने नफरत को हराया और मोहब्बत को जिताया है। यह हिंदु, मुस्लिम, सिख, ईसाई सबकी है। उन्होंने कहा की नफरत की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती। जनता ने उन पर जो भरोसा किया है उसे बनाए रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सफाई हर इंसान का पहली जरूरत होती है, जिसकी आपूर्ति करना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। आबिद रजा ने कहा कि उन्होंने अमीरों का टैक्स आधा, मध्यम वर्गीय लोगों को चौथाई और गरीबों को पूरा टैक्स माफ करने का वादा किया था, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब हर रविवार को चार-पांच सौ गरीब लोगों को नगर पालिका की ओर से फ्री खाना खिलाया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह समेत अतिथि मौजूद रहे।
फात्मा रजा के मंच पर दिखा सांप्रदायिक सौहार्द
अमूमन शपथ ग्रहण समारोह में बतौर अतिथि बड़े-बड़े नेता, मंत्री और उद्यमी मौजूद रहते हैं। मगर नगर पालिका बदायूं की नई चेयरमैन फात्मा रजा के शपथ ग्रहण समारोह का नजारा कुछ अलग था। फात्मा रजा के शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर नगला मंदिर के पुजारी मुमुक्षू कृष्णा शास्त्री, शहर के मुफ्ती दिलशाद हुसैन, पंजाबी सेवा समिति के गुरुदीप सिंह और मैथोडिस्ट चर्च के ईपी सिंह मौजूद अतिथि के रूप में मौजूद थे।
इनके अलावा समोराह में सभी धर्मों के महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे। नगर पालिका में संविदा पर कार्यरत पंप ऑपरेटर मुकेश वर्मा व उनके साथियों एवं वाल्मीकि समाज के लोगों ने बड़ी सी फूल माला पहनाकर नई चेयरमैन फात्मा रजा व मुख्य अतिथि आबिद रजा का सम्मान किया।
ये भी पढ़ें- बदायूं: वाणिज्य कर कार्यालय पर व्यापारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन
