Chitrakoot News : पुलिस ने 40 गोवंश बरामद कर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, कटने के लिए ले जा रहे थे शहडोल
चित्रकूट में पुलिस ने बरामद किए 40 गोवंश।
चित्रकूट में पुलिस ने 40 गोवंश बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मवेशियों को कटवाने के लिए शहडोल ले जाए जा रहे थे।
चित्रकूट, अमृत विचार। बहिलपुरवा पुलिस ने तीन आरोपियों से 40 गोवंशों को बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी अंतर्राज्यीय गो तस्कर हैं और इन गोवंशों को कटने के लिए ले जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक बहिलपुरवा गुलाब चंद सोनकर को मुखबिर से सूचना मिली कि ओहन बांध के निकट सेमरहदा गांव के पास जंगल से कुछ लोग पैदल गोवंशों को लेकर जा रहे हैं। इस पर एसओ ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके से तीन आरोपियों से 40 गोवंशों को बरामद किया।
इन्होंने पूछताछ में अपने नाम जेशा नायक पुत्र खेमा, राजेश पुत्र दुखवा कोल निवासी पोगरी थाना सुहागपुर जिला शहडोल और तेजा नायक पुत्र श्री प्रेमा नायक निवासी ग्राम घाटा जिला अनूपपुर (मप्र) बताए। आरोपियों के विरुद्ध थाने में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में आरक्षी शक्ति सिंह, एहसान अली, अभिनेश पाल और आरती शामिल रहीं
मप्र की सीमा तक हांककर ले जाते मवेशी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे लोग गोवंशों को वध करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश की सीमा तक जंगल के रास्ते पैदल-पैदल ले जाते हैं। सीमा आते ही इनको किसी वाहन से शहडोल ले जाते हैं। पुलिस को इन आरोपियों ने यह भी बताया कि वे लोग लंबे समय से यह काम कर रहे हैं।
