Etawah : गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए अपनाया ऐसा तरीका, जाना पड़ रहा सलाखों के पीछे, हैरान हो जाएंगे पढ़कर यह खबर
इटावा में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई करने वाला छात्र बन गया चोर।
इटावा में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई करने वाला छात्र बन गया चोर। गर्लफ्रेंड को खुश करने के चक्कर में महंगी गाड़ी चुराई। पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा।
इटावा, अमृत विचार। यूं तो पेशेवर अपराधी आए दिन पुलिस पकड़कर जेल भेजती है परंतु इस बार इटावा पुलिस ने वाहन चोरी करने के मामले में एक ऐसे चोर को गिरफ्तार किया है जिसने अपनी गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए महंगी कार चोरी की। बीएससी नर्सिंग की की पढ़ाई करने वाला युवक अपनी गर्लफ्रेंड को कार में घुमाना चाहता था। इस शौक को पूरा करने के लिए उसने कार ही चोरी कर ली।
मामला एक चिकित्सक की कार चोरी का था इसलिए पुलिस ने भी पूरी मुस्तैदी दिखाई। जब कार और चोर पकड़े तो पूरी कहानी से पर्दा उठ गया। गर्लफ्रेंड को खुश करने के चक्कर में अब युवक को जेल की हवा खानी पड़ रही है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में बुधवार को ऑर्थोपेडिक्स डिपार्टमेंट के सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर अतुल कुमार 24 मई को अपनी टाटा हैरियर कार से डिपार्टमेंट में आए हुए थे। कार को प्रशासनिक भवन के सामने खड़ी करके अंदर चले गए। खुद चेंजिंग रूम में जाकर कार की चाबी रख दी थी और ऑपरेशन ड्रेस पहन कर के अंदर ऑपरेशन थिएटर में चले गए । शाम करीब 6:30 बजे जब वह बाहर निकल कर आए तो उनकी गाड़ी वहां से गायब थी। इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पीजीआई चौकी इंचार्ज ध्यानेंद्र प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जांच पड़ताल शुरू की थी। विश्वविद्यालय में लगे सीसी कैमरे खंगाले गए थे। वहां प्रशासनिक भवन के सामने लगे कैमरे में आरोपी युवक नजर आया । पुलिस ने सीसी फुटेज के आधार पर जांच में यह स्पष्ट किया था चोर ने ऑपरेशन थिएटर के अंदर जाकर चेंजिंग रूम से डॉक्टर की कार की चाबी चोरी की । उसके बाद कार को लेकर फरार हुआ था। हालांकि कार अगले दिन पैरामेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में पार्किंग के अंदर खड़ी पाई गई थी।
सीओ नागेंद्र चौबे के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गई
प्रथम टीम में प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह, एवं द्वितीय टीम में पीजीआई चौकी इंचार्ज ध्यानेंद्र प्रताप सिंह घटना के खुलासे में लगे हुए थे। दोनों टीमों ने शुक्रवार की रात मुखबिर की सूचना पर सैफई बीएसएनल चौराहे से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम सिद्धार्थ प्रतीक 24 वर्ष पुत्र मनीष कुमार निवासी मोहल्ला तुलसी नगर थाना फ्रेंड्स कॉलोनी इटावा बताया। कड़ाई से पूछताछ में उसने कार चोरी की घटना को कबूला और बताया उसके साथ पढ़ाई करने वाली उसकी गर्लफ्रेंड को महंगी कार में घुमाने के लिए उसने कार को चोरी किया था। आरोपी युवक ने बताया वह आर्थोपेडिक डिपार्टमेंट से अटैच था। उसको यह जानकारी थी जो चिकित्सक ऑपरेशन थिएटर में जाते हैं। वह चेंजिंग रूम में अपना मोबाइल और गाड़ी की चाबी एवं जरूरी सामान रख जाते हैं। इसी आधार पर उसने यह प्लान बनाया था।
युवक ने पहले गाड़ी को चोरी किया। और खुद गाड़ी को कम चलाना जानता था। गाड़ी चोरी करने के बाद उसने सैफई के किसान बाजार ग्राउंड में करीब आधा घंटे तक गाड़ी को चलाकर प्रैक्टिस की थी। इस बीच पुलिस की गाड़ी वहां से गुजर रही थी तो जब उसने देखा तो घबरा गया। गाड़ी को ले जाकर पैरामेडिकल कॉलेज के आवासीय कैंपस में खड़ा कर दिया। रात के अंधेरे में फिर से गाड़ी स्टार्ट की और गर्लफ्रेंड को घुमाने का प्रयास किया था। लेकिन रात अधिक हो गई थी पुलिस की गश्ती चल रही थी।
उझियानी गांव के पास गाड़ी को खड़ी करके गाड़ी नंबर प्लेट को खोल कर फेंक दिया और गाड़ी में रखा डॉक्टर का टेबलेट भी तोड़ दिया था जिससे किसी को जानकारी ना हो सके। महंगी गाड़ी चोरी करने का उद्देश्य यह था। इस गाड़ी में पहले गर्लफ्रेंड को घुमाएंगे उसके बाद इस गाड़ी को कटवा देंगे। वहां से जितना रुपया मिलेगा उस रुपये से कम कीमत की गाड़ी खरीद करके हर रोज गर्लफ्रेंड को घुमाया करेंगे। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
