Kanpur Dehat Fire : कारखाने में लगी भीषण आग, लाखों का फर्नीचर व सामान जला, तीन गाड़ियों ने पाया काबू
कानपुर देहात में फर्नीचर कारखाने में लगी भीषण आग।
कानपुर देहात में फर्नीचर व्यवसायी के कारखाने में आग लग गई। आग लगने से लाखों का फर्नीचर व सामान जलकर खाक हो गया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। नगर के फर्नीचर व्यवसायी के कारखाने में शुक्रवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे लाखों का सामान व फर्नीचर जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने पुलिस व ग्रामीणों की मदद से छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद से कारखाना मालिक बदहवास है।
व्यापारी मनीष गुप्ता ने बताया कि उनका गजनेर रोड में लकड़ी के फर्नीचर बनाने का कारखाना है। जिसके वह और उसके बड़े भाई आशीष गुप्ता मालिक हैं। रोजाना की तरह शुक्रवार की शाम को वह कारखाना बंद करके घर चले गए थे। देर रात आसपास के लोगों ने कारखाने से आग की लपटें उठने की खबर दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे कारखाने को अपनी चपेट मंे ले लिया। जिससे कारखाने में रखी लाखों रुपये की प्लाई, बना हुआ फर्नीचर, बेड, सोफा, अलमारी आदि सामान जलकर राख हो गया।
वहीं कारखाने में लगी लकड़ी छिलाई मशीन, मिनी चिरान मशीन समेत इंजन आदि भी जल गया। सूचना पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद से कारखाना मालिक मनीष गुप्ता का बुरा हाल रहा। आग लगने से हुई क्षति के कारण वह बेहोश अवस्था में है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। जिसे देख आसपास के लोग अपने अपने घरों के बाहर आ गए। थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल कर्मियों व ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पा लिया गया है।
