अमरोहा : महिला शराब माफिया ने तीन आरोपियों को पुलिस से छुड़ाया
पुलिस की दबिश में भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके
शराब माफिया के घर दबिश देने जाती पुलिस।
अमरोहा, अमृत विचार। मारपीट के आरोपियों को ई-रिक्शा में लेकर कोतवाली जा रही पुलिस से महिला शराब माफिया ने उन्हें छुड़ा लिया। दबिश देने के बाद भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके।
शुक्रवार की रात नगर के मोहल्ला खेवान में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। शनिवार को मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लेकर होमगार्ड राकेश ई-रिक्शा से कोतवाली जा रहा था।
जैसे ही वह मोहल्ला काला शहीद के पास पहुंचा तभी महिला शराब माफिया ने ई-रिक्शा रुकवा लिया। होमगार्ड से नोकझोंक के बाद तीनों आरोपियों को छुड़वा लिया। मौके पर भीड़ जुट गई। शराब माफिया तीनों को पुलिस छुड़ाकर निकल गई।
किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। होमगार्ड से तीन आरोपियों को छुड़वाये जाने की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने महिला शराब माफिया के ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
शुक्रवार रात मोहल्ला खेवान में मारपीट हो गई थी, इसमें जोगेंद्र, सिकंदर, राजू एवं सुखबीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। शनिवार सुबह तीन आरोपियों को होमगार्ड ई-रिक्शा से लेकर कोतवाली जा रहा था। तभी तीनों आरोपियों को महिला शराब माफिया छुड़ाकर ले गई। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। -सुशील कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : वाहन की टक्कर से कैंटर मालिक व चालक की मौत, क्रेन से निकाले शव
