बरेली: चंद मिनटों में तत्काल कोटा फुल, समर सीजन में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल
महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, जम्मू की ट्रेनों में चल रही लंबी वेटिंग
फोटो- बरेली जंक्शन पर टिकट लेने के लिये लाइन में लगे यात्री
बरेली, अमृत विचार। अगर कन्फर्म टिकट नहीं है तो समर सीजन में यात्रा करने की प्लानिंग बेकार हो जाएगी। लंबी वेटिंग से यात्री पहले ही परेशान है और अब तत्काल टिकट को लेकर भी मारामारी हो रही है। बड़ी तादाद में लोग तत्काल टिकट बुक करा रहे हैं। ऐसे में मुंबई, कोलकाता, जम्मूतवी, देहरादून आदि स्टेशनों पर जाने वाली ट्रेनों के अंदर चंद मिनटों में तत्काल कोटा बुक हो जा रहा है।
कुछ ट्रेनों की स्थिति तो यह है कि उनमें 30 से 40 सेकेंड के अंदर तत्काल कोटा फुल हो जा रहा है। ऐसे में तत्काल टिकट के लिए कई-कई घंटे लाइन लगाने वाले यात्री हाथ मलते रह जाते हैं।
ट्रेन चलने से एक दिन पहले तत्काल का टिकट बुक कराया जा सकता है। एसी श्रेणी के लिए तत्काल विंडो खुलने का समय सुबह 10 बजे और नॉन एसी श्रेणी में सुबह 11 बजे है। लेकिन इन दिनों हालत ऐसी हो गई है कि तत्काल विंडो खुलते ही कोटा फुल हो जा रहा है। 13151 कोलकाता जम्मूतवी, 12369 कुंभ एक्सप्रेस, 13152 जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस, 14320 बरेली-इंदौर महाकाल एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के अंदर एक से दो मिनट के अंदर तत्काल कोटा फुल हो जा रहा है।
तो वहीं दूसरी तरफ सबसे खराब हालत मुंबई जाने वाली ट्रेनों की है। 09076 काठगोदाम मुंबई सेंट्रल, 22976 रामनगर बांद्रा टर्मिनस, 14314 बरेली लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में महज 30 से 40 सेकेंड में तत्काल कोटा फुल हो जा रहा है। मुंबई जाने वाली ट्रेनों की बात करें तो इनमें वेटिंग सबसे अधिक है। इन तीनों ट्रेनों के अंदर जून के दूसरे सप्ताह तक कन्फर्म टिकट नहीं। वेटिंग भी 100 के पार पहुंच चुकी है।
नंबरिंग के बिना नहीं मिलेगा तत्काल टिकट
जंक्शन के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के मुताबिक जंक्शन की तत्काल विंडो पर फार्म लेकर टिकट बुक कराने के लिए लाइन में लगे आवेदकों के फॉर्म पर सुबह 9:30 बजे नंबरिंग कर दी जाती है। इसी नंबरिंग के मुताबिक टिकट बुक होते हैं। नंबरिंग के नियम का सख्ती से पालन हो इसके लिए निगरानी कराई जाती है।
जंक्शन से जम्मूतवी के लिए समर स्पेशल
यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने एक फेरे के लिए डिब्रुगढ़-जम्मूतवी स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 05951 डिब्रूगढ़ जम्मूतवी समर स्पेशल 31 मई को डिब्रूगढ़ से शाम 4:30 बजे चलकर तीसरे दिन सुबह 07:18 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन को केवल एक तरफा फेरे के लिए चलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: मौसम में बदलाव से डायरिया के मरीज घटे, ठंडक का असर होने पर बच्चे हो रहे स्वस्थ
