अमरोहा: हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जच्चा-बच्चा केन्द्र पर मारा छापा
मौके से कई लोगों को पकड़ा, एक केंद्र पर लटका मिला ताला
फोटो - गजरौला में जच्चा-बच्चा केंद्र पर जांच करते अधिकारी।
गजरौला, अमृत विचार। हरियाणा की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ गांव स्थित एक जच्चा-बच्चा केन्द्र पर छापेमारा। यहां भ्रूण लिंग परीक्षण किया जा रहा था। मौके से कुछ लोगों को भी पकड़ा गया है। जबकि एक अन्य केंद्र पर ताला लटका मिला।
हरियाणा की कुछ महिलाओं का भ्रूण लिंग परीक्षण गजरौला स्थित एक गांव में जच्चा-बच्चा केन्द्र में होने की जानकारी झज्जर स्वास्थ्य विभाग को मिली थी। जिसके बाद नोडल अधिकारी डॉ. संदीप सहित तीन अधिकारियों के नेतृत्व में शनिवार को झज्जर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गजरौला पुलिस के साथ मिलकर गांव नौनेर अड्डे पर स्थित मेट्रो मेडिकल सेंटर एवं जच्चा-बच्चा केन्द्र में छापेमारी की।
इससे पूर्व टीम ने सूचनादाता के साथ मंत्रणा कर एक महिला को अपने गर्भ में पल रहे भ्रूण के लिंग परीक्षण के लिए तैयार कर भेजा गया। बताते हैं कि संचालक द्वारा इस कार्य के लिए महिला से 50,000 रुपये की मांग की गई। बताते हैं कि जिस महिला को यहां भेजा गया। उसके साथ एक महिला कांस्टेबल को भी उसकी ननद बनाकर भेजा गया। पिलखुवा हापुड़ में इन लोगों को संचालक द्वारा भेजवाई गई दूसरी गाड़ी में बैठाया गया।
इसमें कुल पांच लोग सवार थे। गजरौला पहुंचने पर संचालक द्वारा भेजे व्यक्ति ने महिला को कार से उतारकर बाइक पर बैठाया गया। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम वाहन के पास ही प्रतीक्षा करती रही। जैसे ही बाइक सवार महिला को लेकर आया तो तुरंत ही टीम ने स्विप्ट में सवार दोनों लोगों सहित बाइक सवार समेत पांच लोगों को मौके से पकड़ लिया। टीम ने महिला के साथ जच्चा-बच्चा केन्द्र पर छापेमारी की तो वहां पर ताला लगा था।
स्वास्थ्य विभाग ने वहां आसपास के लोगों से पूछताछ की। जच्चा-बच्चा केन्द्र को सील कर दिया गया है। वहीं अल्ट्रासांउड करने वाले सहित दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी है। विभाग द्वारा रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही थी। बता दें कि अभी पांच दिन पूर्व ही हसनपुर क्षेत्र से भी भ्रूण लिंग परीक्षण करने की सूचना पर हरियाणा की टीम ने छापेमारी की थी।
