रामपुर: पेट्रोल पंप कारोबारी की लूट के बाद हत्या
रामपुर। तहसील मिलक थाना केमरी में पेट्रोल पंप कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तहसील के केमरी थाना क्षेत्र में बीती रात पेट्रोल पंप से घर लौट रहे कारोबारी की लूट के बाद हत्या कर दी। हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते मौके पर …
रामपुर। तहसील मिलक थाना केमरी में पेट्रोल पंप कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तहसील के केमरी थाना क्षेत्र में बीती रात पेट्रोल पंप से घर लौट रहे कारोबारी की लूट के बाद हत्या कर दी। हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
तहसील के केमरी थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव निवासी 45 बर्षीय प्रवेश सिंह के भाई बृजेश सिंह का रामपुर-केमरी रोड पर सिमरिया गांव के पास पेट्रोल पंप है। जिसका संचालन स्वयं प्रवेश करते हैं। पेट्रोल पंप के कारोबार में राशिद व गुड्डू भी साझेदार हैं। रोजाना की तरह गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे प्रवेश करीब ढाई लाख रुपये लेकर बाइक से घर को रवाना हुए थे।
रवाना होने से पहले फ़ोन पर परिजनों को आधा घंटे में घर पहुंचने की बात कही थी। एक घंटा बीत जाने के बाद जब छोटे बेटे ने फोन किया तो फोन स्विच ऑफ आने लगा। बेटे ने तुरंत पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारी को फोन किया तो पता चला कि एक घंटे पहले प्रवेश पेट्रोल पंप से जा चुके थे। इस बात को लेकर परिजनों में खलबली मच गई और खोजना शुरू कर दिया।
पेट्रोल पंप कारोबारी प्रवेश के अचानक गायब होने से गांव में हड़कंप मच गया।तलाश में ग्रामीण आसपास निकल गए। घटना की सूचना परिजनों ने केमरी थानाध्यक्ष इंद्रेश सिंह को दी। इसी बीच ग्रामीणों को प्रवेश का शव सड़क किनारे धान के खेत मे मिल गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पेट्रोल पंप कारोबारी प्रवेश का शव गांव के ही निकट सड़क किनारे धान के खेत मे पड़ा मिला। जिसके सिर पर अंगोछा बंधा था और सिर से खून बह रहा था। सिर से अंगोछा खोलकर देखा तो सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था। प्रवेश की हत्या की खबर सुनकर परिजनों में हाहाकार मच गया।
शुक्रवार को अपराध शाखा की टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे थानाध्यक्ष इंद्रेश सिंह ने बताया कि मौके से मृतक की जेब से 18000 रुपये ,एक हाथ मे बंधी घड़ी व एक मोबाइल मिला है। मृतक की मोटरसाइकिल घटना स्थल से गायब है जबकि मृतक मोटरसाइकिल द्वारा पेट्रोल पंप से घर के लिए रवाना हुआ था।परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
