Kanpur Dehat: मंदिर में हमेशा साथ रहने की खाई कसम, शादी के सात दिन बाद ही फरार हो गई दुल्हन, जानें- पूरा मामला
कानपुर देहात में शादी के सात दिन बाद ही विवाहिता नगदी-जेवरात लेकर फुर्र।
कानपुर देहात में शादी के सात दिन बाद ही विवाहिता नगदी-जेवरात लेकर फुर्र हो गई। परिजनों ने 70 हजार रुपये लेकर शादी कराने वाले मध्यस्थ के खिलाफ तहरीर दी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। निराला नगर निवासी एक युवक से धर्मगढ़ बाबा मंदिर के सामने साथ देने का वादा करने वाली युवती सात दिन बाद ही जेवरात व नगदी लेकर रात में कहीं फरार हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला। जिस पर युवक के पिता ने 70 हजार रुपये लेकर शादी करवाने वाले मध्यस्थ के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।
निराला नगर निवासी रामबली ने पुलिस को बताया के उनके मोहल्ले के मिथिलेश उर्फ बउआ पांडेय ने उसके पुत्र रामकरन की शादी 70 हजार रुपये लेकर बिहार की किसी लड़की से करा देने की बात कही। तब उसने रुपये दे दिए। जिसके बाद बीती 15 मई को मिथिलेश उर्फ बउआ बिल्हौर से दो औरतों सहित आया और धर्मगढ़ बाबा मंदिर में किरण नामक युवती से उसके बेटे की शादी करा दी।
सात दिन रहने के बाद 22 मई की रात में किरण घर से सारा जेवरात व पांच हजार रुपये लेकर कहीं फरार हो गई। सुबह इसका पता चला। तब उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी राम गोविंद मिश्र ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
