बरेली: हाईवोल्टेज करंट से मौत के मामले में आरोपियों को बचाने में जुटा विभाग
बहोड़ा खेड़ा गांव के ट्रांसफार्मर को बिजली विभाग ने बदलवाया
बरेली, अमृत विचार। घरों में हाईवोल्टेज बिजली सप्लाई आने से बहोड़ा खेड़ा गांव में एक व्यक्ति की मौत और 6 लोगों के झुलसने के मामले में बिजली विभाग ने आरोपियों को बचाने के लिए लीपापोती शुरू कर दी। विभाग ने उस ट्रांसफार्मर को ही बदल दिया जिससे लाइन जोड़ी गई थी। ऐसे में अब जांच कैसे होगी यह अहम सवाल है। रविवार को विभाग ने ट्रांसफार्मर तो बदल दिया, लेकिन अब घरों में हाईवोल्टेज की जगह लो वोल्टेज सप्लाई जा रही है।
आंवला के बहोड़ा खेड़ा गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया था जब घरों में हाईवोल्टेज सप्लाई आने से बिजली उपकरणों में विस्फोट होने लगे थे। घरों को आग से बचाने के लिए लोग स्विच बंद करने दौड़े। इस अफरा- तफरी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं 6 लोग झुलस गए थे। करीब 20 मिनट बाद ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद जब सप्लाई बंद हुई थी तो लोगों ने राहत की सांस ली थी।
स्विच बंद करते समय लगा था करंट
बहोड़ा खेड़ा निवासी 32 वर्षीय धर्मेन्द्र सिंह मोबाइल का चार्जिंग फटने पर स्विच बंद करने गया था। जिससे उसकी करंट लगने से मौत हो गई थी। राजू सिंह की बेटी मानवी, कृष्ण मुरारी शर्मा की पत्नी रेखा देवी, समेत 6 लोग करंट से झुलस गए थे। वहीं ग्रामीणों ने लाइनमैन पर गलत केबिल जोड़ने का आरोप लगाया था। रविवार की दोपहर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर बदल दिया और सप्लाई चालू कर दी। वहीं इस मामले में जेई विनीत वर्मा का कहना है कि गांव का ट्रांसफार्मर बदलवा दिया गया है। लो वोल्टेज आने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
घरों में हाईवोल्टेज पहुंचने के मामले की जांच के लिए समिति बना दी गई है। खराब ट्रांसफार्मर को अलग रख दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी- ओमप्रकाश पाल, एक्सईएन, विद्युत विभाग आवंला।
ये भी पढे़ं- बरेली: 52 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने छोड़ी यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा
