बरेली: 52 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने छोड़ी यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा
41 केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा में पंजीकृत 18,034 परीक्षार्थियों में से 48 प्रतिशत ने ही दी परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले में 41 केंद्रों पर कराई गई। इनमें से 48 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 52 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों ने बताया कि उन्हें जनरल अवेयरनेस के प्रश्नों ने खूब उलझाया। जबकि सी-सैट के प्रश्न उम्मीद के मुताबिक ही आए थे।
परीक्षा शांति और नकलविहीन तरीके से संपन्न हो सके। इसके लिए प्रशासन की ओर से कड़े प्रबंध किए गए। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्थानीय निरीक्षण अधिकारी व मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर 11:30 बजे समाप्त हुई। दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे से शुरू होकर अपराह्न 4:30 बजे तक चली। पहली पाली की परीक्षा देने के बाद अभ्यर्थी बाहर निकले। इस दौरान परीक्षा देकर निकले कुछ परीक्षार्थी खुश तो कुछ मायूस दिखे।
दोनों ही पालियों में हाेने वाली परीक्षा के लिए 18034 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पहली पाली में 8781 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। दूसरी पाली में 8725 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। पहली पाली में करीब 9300 और दूसरी पाली में करीब 9300 परीक्षार्थी नदारद रहे। परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से पहले परीक्षार्थियों की कड़ी चेकिंग की गई।
क्या बोले परीक्षार्थी
प्री की परीक्षा के लिए तीन माह पहले से ही तैयारी कर रही थी। इसका सुखद परिणाम परीक्षा देने के दौरान मिला। पेपर ठीक आया। जनरल अवेयरनेस के प्रश्न अधिक आए। - मनु।
सी-सैट का पेपर ठीक गया है। परीक्षा के लिए भरपूर तैयारी भी की थी। फिलहाल, अभी कोई दावा नहीं कर सकता कि चयनित हूंगा या नहीं। - आरिश
परीक्षा के पैटर्न के बारे में पहले से ही नेट पर काफी पढ़ लिया था। सिलबेस भी लगभग 40 प्रतिशत तक पूरा था। बाकी परिणाम आने पर ही कुछ बताया जा सकता है।- सिद्धांत
ये भी पढे़ं- बरेली: स्मैक तस्कर कल्लू से दोस्ती निभाने में दरोगा समेत तीन निलंबित
