स्मृति ईरानी ने छानी अमेठी के गांव की गलियां, जनसंवाद से समझी जनता की परेशानी
परशदेपुर/ रायबरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की दस्तक अब सुनाई पड़ने लगी है। अमेठी फतेह के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी के लगातार अमेठी दौरे ने मौसम की तपिश के बीच सियासी गर्माहट को भी बढ़ा दिया है। एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के सलोन विधान सभा पहुंची केंद्रीय मंत्री ने बुधवार को गांव-गांव की गलियों को जाना है और आम जनमानस से सीधे संवाद करके उनकी तकलीफों के बारे में जानकारी हासिल की है।
बुधवार को छतोह ब्लॉक के चार गांवों का उन्होंने दौरा किया। वे ग्रामीणों से सीधे मुखातिब हुई और उनकी समास्याएं सुनकर अधिकारियों को निस्तारण के लिए निर्देशित किया। काजीपुर तेलियानी गांव की महिलाओं के बीच पहुंचकर उन्होंने सबकी समस्याएं सुनी। यहां पर ढाखु दास आश्रम के पुजारी द्वारा बगल में तालाब के सौंदर्यीकरण कर मुद्दा उठाने पर वो बगल में ही स्थित तालाब पर पहुंच गई। यहां पर उन्होंने शीघ्र ही तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया।
उसके बाद वहां पर हो रहे भंडारे में प्रसाद भी वितरित किया। इसके बाद हाजीपुर गांव , नोनार गांव पहुंची। यहां पर आवास, पेंशन जैसी समस्याओं के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। ग्रामीणों द्वारा मट्टन नाले पर पुल की मांग पर दिखवाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों द्वारा रास्ते के विवाद की शिकायत को लेकर क्षेत्राधिकारी सलोन अमित सिंह को निस्तारण के लिए निर्देशित किया।उसके बाद बारा गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने लो वोल्टेज, महिलाओं ने आवास और पेंशन आदि की समस्याएं बताई ।जिस पर उन्होंने उपजिलाधिकारी सलोन विजय कुमार को जल्द ही कैंप लगाकर समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान डीएम माला श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव, सलोन विधायक अशोक कुमार, छतोह ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विशाल सिंह, खंड विकास अधिकारी ए.के. तिवारी, छतोह मंडल अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, बारा प्रधान प्रतिनिधि देवेश प्रताप सिंह, अभय तिवारी, चैतन्य सिंह भदौरिया, मदन तिवारी, सीपी श्रीवास्तव, संदीप मोदनवाल, अरविंद मौर्य, प्रमोद मौर्य आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - Gyanvapi Case : मुस्लिम पक्ष की याचिका हाईकोर्ट ने की खारिज, नियमित पूजा की मांग पर होगी सुनवाई
