शाहजहांपुर: ट्रेन के आगे कूदकर व्यक्ति ने दी जान, मंदिर के गेट पर मिला शव

शाहजहांपुर: ट्रेन के आगे कूदकर व्यक्ति ने दी जान, मंदिर के गेट पर मिला शव

शाहजहांपुर, अमृत विचार। खन्नौत लालपुल पर ट्रेन के आगे एक व्यक्ति ने कूदकर जान दे दी। वह कइ्र माह से बीमार था और उसका उपचार चल रहा था। रोजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव रेल पटरी से किनारे किया। मृतक इंदिरानगर कालोनी का रहने वाला था। इधर बाबा विश्वनाथ मंदिर गेट पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। रोजा थाना क्षेत्र में स्थित खन्नौत नदी लालपुल पर डाउन लाइन के किनारे लोगों ने एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ पड़ा देखा।

जिसकी सूचना गेटमैन को दी गई। गेटमैन ने शाहजहांपुर स्टेशन मास्टर को बताया कि एक व्यक्ति का शव रेल पटरी के किनारे पड़ा है। सुबह नौ बजे रोजा आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। जिस स्थान पर शव पड़ा था, वह रोजा थाना क्षेत्र में था। हथौड़ा पुलिस चौकी प्रभारी नीरज सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पटरी से किनारे किया। अज्ञात व्यक्ति की उम्र 46 साल थी।

इधर शव मिलने की खबर आस-पास के क्षेत्रों में आग की तरह फैल गई। सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरानगर कालोनी के लोग पहुंचे और शव की शिनाख्त कमलेश कुमार के रूप में की। दरोगा नीरज सिंह ने मृतक के परिवार वालों को बुलाया। परिवार वालों ने बताया कि वह कई माह से बीमार चल रहे थे और बीमारी से काफी परेशान थे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दरोगा नीरज सिंह ने बताया कि बीमारी से परेशान होकर उसने ट्रेन के आगे जान दी है। मौत की खबर से परिवार में रोना पिटना मच गया। इधर सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि सुबह सात बजे बाबा विश्वनाथ मंदिर गेट के सामने अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। उसकी उम्र 40 साल थी। वह मंदिर गेट पर भीख मांगा करता था। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़ें : भाजपा को कर्नाटक में मुंहतोड़ जवाब मिला, राजस्थान में भी मिलेगा: कांग्रेस