अयोध्या : किसानों को आर्गेनिक खेती के गुण सिखा रहा कृषि विभाग

अयोध्या : किसानों को आर्गेनिक खेती के गुण सिखा रहा कृषि विभाग

अमृत विचार, अयोध्या । किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें तकनीकी रूप से विकसित करने के लिए कृषि विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। एक ओर उन्हें जहां आर्गेनिक खेती के गुण सिखाए जा रहे हैं तो वहीं उन्नतिशील और अत्याधुनिक तौर-तरीकों से खेती के लिए दक्ष भी बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं कृषि विभाग के अधिकारी और कृषि वैज्ञानिक खेतों तक पहुंच कर किसानों को और अधिक स्वावलंबी बनाने में जुटे हुए हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों की मानें तो जनपद के किसानों ने जैविक खेती में रुचि दिखाई है। अन्य किसानों को भी जैविक खेती के प्रेरित करने के साथ ही उन्हें प्रशिक्षित भी किया जा रहा है।

जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्र ने बताया कि कृषि विभाग किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में जनपद में लगभग 500 से 550 किसान कलस्टर में जैविक खेती कर रहे हैं। अन्य किसानों को भी जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी के तहत जिले के सोहावल व पूराबाजार में नेचुरल फॉर्मिंग का कलस्टर बनवाकर किसानों को जैविक खेती के गुण सिखाए जा रहे हैं, इसके लिए वहां पर चैंपियन फार्मा नियुक्त किया गया है। ताकि किसान वहां जाकर जैविक खेती की विधा व उसके लाभकारी नीतियों से रूबरू हो सकें। वहीं बीज उपलब्धता को लेकर उन्होंने कहा कि जनपद में बीज की कमी नहीं है, जो किसान अपने पास से बीज बोना चाहता है, वह बो सकता है या फिर राजकीय बीज भंडारों से प्राप्त कर सकता है। जनपद में बीज की पर्याप्त उपलब्धता है।

क्या हैं जैविक खेती के फायदे

कृषि विभाग किसानों को जैविक खेती के प्रति प्रेरित करने के साथ ही उससे होने वाले फायदों के बारे में भी लगातार जागरूक कर रहा है। जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्र ने बताया कि जैविक खेती करने से मिट्टी के पोषण को बढ़ावा मिलता है साथ ही मिट्टी की उर्वरता में भी सुधार होता है। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता भी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि जैविक खेती से होने वाले फसल पशु चारे के लिए इस्तेमाल के लिए बेहतर होते हैं। साथ ही जैविक खेती में रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों का उपयोग नहीं होता है।

ये भी पढ़ें - अयोध्या : डिप्टी सीएम ने सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक