संभल : बेकाबू होकर बोलेरो पलटी, राजमिस्त्री की मौत...एक दर्जन लोग घायल
हसनपुर मार्ग पर गांव रम्पुरा जट के पास बुधवार को देर रात हादसा, बदायूं से हरियाणा में मजदूरी करने जा रहे थे पीड़ित परिवार
संभल, अमृत विचार। जिले के नखासा थाना क्षेत्र में बेकाबू बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में राजमिस्त्री की मौत हो गई जबकि एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। गंभीर हालत में एक युवक को मुरादाबाद रेफर किया गया। बोलेरो चालक के खिलाफ तहरीर दी गई। हादसा के शिकार हुए बदायूं के मजदूर अपने परिवार के साथ मजदूरी करने हरियाणा के झज्जर जा रहे थे।
बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जालिम नगला और थाना सहसवान के गांव नगला वरन निवासी मजदूर परिवार मजदूरी करने बुधवार की देर रात करीब 11 बजे बोलेरो पिकअप में सवार होकर हरियाणा के झज्जर जा रहे थे। बोलेरो पिकअप में 23 लोग सवार थे। नखासा थाना क्षेत्र में हसनपुर मार्ग पर गांव रम्पुरा जट के पास बोलोरे बेकाबू होकर पलट गई। उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस दौरान चालक भाग गया। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को निकाला।
सूचना पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने राजमिस्त्री अवधेश (19) को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में गांव जालिम नगला निवासी लालता प्रसाद, कालीचरन, अनेक पाल, उसकी पत्नी तारावती, अनिकेत, भगवती, उमाशंकर, उसकी पत्नी अनिलेश, अमरवती पुत्री अनेकपाल, सुखरानी पत्नी महेंद्र, महेंद्र पुत्र रामभजन, सुहानी पुत्री उमाशंकर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर महेंद्र को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। अवधेश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिकअप पलटते ही मची चीख-पुकार
बुधवार की रात करीब दो बजे लोग गहरी नींद में थे। अचानक तेज आवाज हुई और चीख-पुकार सुनाई दी। तब ग्रामीणों घरों से निकलकर देखा। घटनास्थल का नजारा देख लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने वाहन में फंसे घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बोलेरो दो-तीन पलटियां खाने के बाद रुकी थी। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना गंभीर रहा होगा।
पुलिस को दी गई तहरीर
हादसे को लेकर गांव जालिम नगला निवासी खुशीराम ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें कहा गया कि चालक द्वारा लापरवाही से बोलेरो पिकअप चलाने के कारण हादसा हुआ। खुशीराम ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने जांच करते मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जहरीले कीड़े के काटने से महिला की मौत
संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आई महिला को कमरे के अंदर जहरीले कीड़े ने काट लिया। इससे महिला की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी सरफराज की पत्नी मीना (30) सोमवार को सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा निवासी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई थी। इस दौरान उसे किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। कमरे में अंधेरा होने की वजह से महिला को कीड़ा दिखाई नहीं दिया। उस समय मीना ने किसी को भी कुछ नहीं बताया। बुधवार को तबीयत खराब होने पर उसने परिजनों को कीड़े से काटने की बात बताई। इसके बाद परिजनों ने मीना को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें : संभल : चलती ट्रेन से उतर रहे युवक के पैर का कटा पंजा, रेलवे क्रॉसिंग 36बी पर हुआ हादसा
