Kanpur: बीजेपी पार्षद ने सिस्टम की गंदगी के खिलाफ उठाई झाडू, नगर निगम के अधिकारियों और सफाई नायक पर लगाए ये आरोप
कानपुर में वार्ड 38 के पार्षद हरि स्वरूप तिवारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बने।
कानपुर में वार्ड 38 के पार्षद हरि स्वरूप तिवारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बने। नगर निगम के अधिकारियों और सफाई नायक पर आरोप लगाए।
कानपुर, अमृत विचार। शहर के 110 वार्डों में 63 पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। महापौर सीट भी भाजपा के खाते में ही गई है। लेकिन, इसके बाद भी शहर के एक भाजपा पार्षद को सिस्टम की गंदगी के खिलाफ झाडू उठानी पड़ी है। वार्ड 38 जूही हमीरपुर के भाजपा से पार्षद हरि स्वरूप तिवारी रोज सुबह क्षेत्र में नाली साफ करने के साथ झाडू लगाते दिख जाएंगे। क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों और नगर निगम के अधिकारियों द्वारा सुनवाई नहीं होने पर पार्षद को मजबूरन खुद सफाई करनी पड़ रही है।
सफेद कॉलोनी, बारा देवी और जूही के कई मौहल्लों से घिरे वार्ड 38 में पहली बार भाजपा का पार्षद बना है। नवनिर्वाचित पार्षद हरि स्वरूप तिवारी ने आरोप लगाया है कि जीतने के बाद जेडएसओ, सफाई कर्मचारियों ने क्षेत्र में आना ही बंद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व पार्षद के अनुसार ही नगर निगम के अधिकारी काम कर रहे हैं। जब वह उन्हें फोन कर सफाई करने के लिए कहते हैं तो आश्वासन ही दिया जा रहा है।
क्षेत्र में 63 कर्मचारियों की आवश्यकता है, लेकिन पूरे वार्ड में घूमकर देखा तो महज 15 कर्मचारी ही काम करते मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अधिकारी उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं कम कर्मचारियों को लगाकर अधिकारियों और पूर्व पार्षद द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। हरि स्वरूप तिवारी ने कहा कि यह उनका विरोध है जबतक उन्हें सारे कर्मचारी नहीं मिल जाते तब तक वह खुद सफाई करते रहेंगे।
निचले स्तर में दिक्कत है, हम निवेदन ही कर सकते हैं, कर्मचारी और अधिकारी नहीं करेंगे तो हम खुद सफाई करेंगे। उन्होंने कहा कि महापौर और उच्च अधिकारियों से मिलकर भी इस समस्या को बताएंगे।
शाखा के बाद सफाई होती शुरू
भाजपा पार्षद ने कहा कि यह काम वह मजबूरीवश कर रहे हैं। क्योंकि उन्हें क्षेत्र की जनता ने जिताया है। इसलिए उनका काम करना हमारा फर्ज है। उन्होंने कहा कि सुबह शाखा जाने के बाद वह 8 बजे झाडू और फड़वी उठाकर घर से निकलते हैं। जहां समस्या दिखती है सफाई कार्य शुरू कर देते हैं। जहां झाडू लगानी होती है झाडू लगाते है, और जहां नाली साफ करनी होती है वहां नाली भी सफाई करते हैं।
फोन करते हैं तो आ जाते हैं
क्षेत्र के विकास राय ने बताया कि जब भी हमलोग फोन करते हैं तो वह खुद ही दौड़कर चले आते हैं। सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति है लेकिन वह आते नहीं हैं, उसकी आड़ में अधिकारी खेल करते हैं। क्षेत्रीय पार्षद एक रोल मॉडल बन रहे हैं। इसका संदेश अच्छा जाएगा। आरके उपाध्याय ने कहा कि पार्षद को सफाई के लिए कहते हैं तो वह खुद ही झाडू लेकर आ जाते हैं। लेकिन, एक अकेला पार्षद क्या कर सकता है। अगर अधिकारी और कर्मचारी सफाई नहीं कराते तो हम भी पार्षद के साथ सफाई करेंगे।
हमारा पार्षद ऐसा कर रहा है तो अच्छा कार्य है। लेकिन, यदि नगर निगम अधिकारी व कर्मचारी उसका सहयोग नहीं कर रहे तो वह नगर निगम आकर हमसे मिलें।- प्रमिला पांडेय, महापौर
