अयोध्या : होम स्टे की सुविधा देने वाले घरों का होगा सर्वे, 11 नये होटलों के निर्माण की अनुमति प्रक्रिया में..
अमृत विचार, अयोध्या । मंदिर निर्माण के बाद रामनगरी आने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए होटल निर्माण पर सबसे अधिक बल दिया जा रहा है। साथ ही अयोध्या में जो लोग होम स्टे जैसी सुविधा श्रद्धालुओं को देना चाहते हैं। उनके घरों का सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है। इन्हीं सब बातों को लेकर शुक्रवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल ने विभिन्न विकास कार्यों के पर्यवेक्षण और सर्वेक्षण में लगाए गए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के साथ विकास प्राधिकरण के सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी नितीश कुमार और प्राधिकरण उपाध्यक्ष विशाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरव दयाल को अधिकारियों द्वारा बताया गया कि हाल में 11 नये होटलों के लिए अनुमति प्रक्रियाधीन है व ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में लगभग 89 लोगों ने होटल स्थापित करने की इच्छा जाहिर की थी। सभी से सम्पर्क स्थापित करते हुये उनकी हरसंभव मदद की जा रही है। गौरव दयाल ने कहा कि होम स्टे/पेइंग गेस्ट, धर्मशालाओं एवं अन्य सभी सुविधाओं के लिए इसी माह के अन्त तक एक वेबसाइट/वेब ऐप विकसित किया जाए, जिससे इन सभी सुविधाओं की आनलाइन बुकिंग हो सके। उन्होंने अयोध्या के गृहस्वामी जो अपने मकान को होम स्टे/पेइंग गेस्ट के रूप में उपयोग करने के लिए इच्छुक है उन सभी घरों का सर्वे 100 से अधिक वालन्टियर लगाकर जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस सर्वे में विशेष रूप से अयोध्या को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों तथा रायबरेली रोड, सुल्तानपुर रोड, लखनऊ रोड तथा गोंडा को जोड़ने वाले मार्गों के आसपास स्थित घरों का सर्वे जल्द से जल्द किया जाये व इच्छुक गृहस्वामियों से होम स्टे के संबंध में जो भी प्रक्रियायें हैं उनकों पूर्ण कराया जाए। उन्होंने गुप्तारघाट में विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दुकानों के ऊपर ओपेन टू स्काई फूड कोर्ट संचालित करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये।
किसी एक पार्क का चयन कर लगाएं बड़ा राष्ट्रीय ध्वज
मंडलायुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे पार्कों में से किसी एक पार्क में स्थल का चयन कर एक बड़े राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना की जाए। अयोध्या विकास प्राधिकरण के नवीन आवासीय योजनाओं, वोट क्लब, सरयू नदी के किनारे वाटर स्पोर्ट रैम्पवोट शेड, रिटेनिंग वाला एवं जेटी निर्माण, एडवेंचर स्पोर्ट क्लब, अयोध्या धाम इलाके में आधुनिक स्ट्रीट लाइट की स्थापना, लाल डिग्गी स्थित संध्या सरोवर तथा कृष्णा पैलेस के सामने स्माल फूड कोर्ट की स्थापना सहित विभिन्न विकास एवं सौन्दर्यीकरण संबंधी परियोजनाओं की समीक्षा की तथा सभी को आपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिये।
ये भी पढ़ें - बहराइच : भाभी ने देवर के विरुद्ध दर्ज कराया मुकदमा, देवर की दूसरी जगह शादी तय होने पर की कार्यवाई
