Banda News : केन नदी पार करते समय गहरे चार चचेरी बहनें गड्ढे में समाई, दो की मौत, गोताखोरों ने दो को बचाया
बांदा में केन नदी में डूबने से दो की मौत।
बांदा के पैलानी थानाक्षेत्र के खप्टिहा गांव में केन नदी पार करते समय गहरे चार चचेरी बहनें गड्ढे में समा गई। हादसे में दो की मौत हो गई। जबकि गोताखोरों ने दो को बचा लिया।
बांदा, अमृत विचार। भंडारा खाने के बाद घर वापस लौट रहीं चार चचेरी बहनें केन नदी पार करते समय गहरे गड्ढे में समा गईं। मौके पर पहुंचे मल्लाह ने दो चचेरी बहनों को बचा लिया। जबकि दो चचेरी बहनों की डूब जाने से मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनो शवों को पानी से बाहर निकाला गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को उठाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव कब्जे में नहीं लेने दिए। उनका कहना था कि जब तक कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं आएगा, तब तक शव नहीं उठाने दिए जाएंगे। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास करने में लगी है।
पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहाकलां के सिमरन डेरा निवासी नोखेलाल और भूरा दोनो भाई गयाभोज का भण्डारा करा रहे थे। शुक्रवार की शाम खप्टिहा की ही रहने वाली चार चचेरी बहनें यासमीन (10) पुत्री बल्लू, उसकी चचेरी बहन शफीना (14) पुत्री सिराजुल, शबाना (13) पुत्री अनीस, रुकसार (10) पुत्री इंदू चारों चचेरी बहनें भण्डारा खाने गईं थीं।
भण्डारा खाकर वह वापस लौट रही थीं। तभी केन नदी पार करते समय चारों चचेरी बहनें गहरे गड्ढे में समा गईं। नदी में चारों बहनों को डूबता देख नाव चला रहा नाविक सुरेश मौके पर पहुंच गया।
कड़ी मशक्कत के बाद शबाना और रुकशार को पानी से बाहर निकाल लिया। जबकि यासमीन और शफीना गहरे पानी में समा गईं। सूचना पाकर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद यासीमन और शफीना को जब तक पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव देखते ही घरवालों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन परिजनों ने शव को उठाने नहीं दिया। मृतका के ताऊ हजरत का कहना था कि बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण यह हादसा हुआ है। जब तक कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं आएगा, तब तक शव को उठाने नहीं दिया जाएगा। पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी रही। हजरत ने बताया कि बल्लू के चार बेटियां मुस्कान, खुशबू और सानिया हैं। यासमीन की पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं शफीना तीन बहनों में बड़ी थी।
