अयोध्या : छह घंटे गुल रही चौक उपकेन्द्र से जुड़े 16 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति
चौक उपकेन्द्र से जुड़ी लाइन में तकनीकी खराबी व अनुरक्षण बना कारण
अमृत विचार, अयोध्या। गर्मी में पारे के 47 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के दौरान शनिवार को चौक उपकेन्द्र से जुड़े 16 मोहल्लों में बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे गुल रही। जिसके कारण भीषण गर्मी में लोग बिलबिलाने को मजबूर हुए। सुबह 11 बजे गई बिजली दोपहर बाद चार बजे के करीब आई।
शनिवार को फिर चौक उपकेन्द्र से जुड़े कई क्षेत्रों में बिजली संकट की काली छाया छाई रही। करीब 11 बजे अचानक चौक उपकेन्द्र से जुड़े अंगूरीबाग, तेलीटोला, महाजनी टोला, गुदड़ीबाजार रोड, राठहवेली, खुर्द महल, रीडगंज, हैदरगंज, कंघी वाली गली आदि मोहल्लों में आपूर्ति ठप हो गई। एक तो भीषण गर्मी ऊपर से रामपथ निर्माण की उड़ती धूल ने लोगों को बेहाल किए रखा। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण बजाजा छोड़ चौक का घंटाघर क्षेत्र भी प्रभावित हुआ। व्यापारी भी छह घंटे तक बिन बिजली बेहाल रहे। चौक उपकेन्द्र के अवर अभियंता नरेश जायसवाल ने बता कि धारारोड लाइन में दिक्कत और फीडरों के अनुरक्षण के चलते आपूर्ति रोक दी गई थी। उन्होंने बताया कि उपकेंद्र के सभी फीडरों की सफाई और आयलिंग का कार्य किया जा रहा है। आपूर्ति चार बजे बहाल कर दी गई है।
गर्मी का पारा पहुंच गया 41 डिग्री सेल्सियस के पार
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 41.5 व न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 75 व न्यूनतम : 30 प्रतिशत रही। हवा 2.3 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी-पश्चिमी में चली। पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। हवा सामान्य गति से आगे भी पश्चिमी ही चलने व औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : राम मंदिर निर्माण में अब तक खर्च हुए 300 करोड़ रुपये
