Kannauj: चौकी में घुसकर भाजपाइयों ने उन्नाव पुलिस से की मारपीट, सांसद समेत 42 पर FIR, सुब्रत पाठक बोले- पुलिस ने झूठा मुकदमा लिखवाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में भाजपाइयों ने उन्नाव पुलिस को पीटा।

कन्नौज में भाजपाइयों ने चौकी में घुसकर उन्नाव पुलिस की पिटाई कर दी। उन्नाव पुलिस ने अपहरण के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

कन्नौज, अमृत विचार। भाजपा सांसद पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने समेत कई संगीन धाराओं में चौकी प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अपहरण के आरोपी को छुड़ाने के लिए सांसद ने अपने साथियों के साथ चौकी पर जाकर मारपीट की, जिसमें दरोगा की वर्दी फट गई और छह सिपाही घायल हो गए। 

मंडी चौकी प्रभारी हाकिम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम को जनपद उन्नाव की पुलिस अपहरण के आरोपी को पकड़ने के लिए कन्नौज आई थी। उन्नाव पुलिस ने सरायमीरा में टाइगर जिम पर दबिश देकर दो आरोपी पकड़ लिए और मंडी चौकी पर ले आए। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को छुड़ाने का दबाव बनाया, तब तक उन्नाव पुलिस उन्हें लेकर जा चुकी थी।

कार्यकर्ताओं की शिकायत पर भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने पहले तो फोन पर दरोगा के साथ गाली-गलौज किया। इसके बाद उन्नाव पुलिस को वापस बुलाने का दबाव बनाया। उन्होंने असमर्थता व्यक्त की तो सांसद अपने 42 साथियों के साथ पुलिस चौकी पर आए और चौकी प्रभारी हाकिम सिंह को पीट दिया। उनके साथियों ने भी मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी। सिपाहियों ने जब बचाने का प्रयास किया तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद सांसद व उनके साथ जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।

रात में ही घायल दरोगा व सिपाहियों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण व इलाज कराया गया। मंडी चौकी प्रभारी हाकिम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सांसद सुब्रत पाठक, सचेत पांडेय, पुष्पेंद्र प्रजापति, विजय पांडेय, वासु मिश्रा, नयन मिश्रा, अवनीश, मोहित कठेरिया, जितेंद्र शुक्ला, सूरज राजपूत को नामजद करते हुए 42 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की विवेचना की जा रही है। 

पुलिस ने किया अमर्यादित व्यवहार : सांसद

भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने बताया कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता समुद्र श्रीवास्तव, अवनीश बेरिया, शिवेंद्र कुमार ग्वाल व दीपशिखा के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। जनप्रतिनिधि होने के नाते शिकायत पर वह मौके पर गए थे। पुलिस ने झूठा मुकदमा लिखाया है, जिसके लिए वह शासन स्तर और पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। किसी भी कार्यकर्ता का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

सुब्रत पाठक (1)

संबंधित समाचार