Banda: खेतों में पड़े मिले पति-पत्नी के शव, पास में पड़ी मिली सल्फास की पुड़िया और सुसाइड नोट, कई दिनों से थे गायब
बांदा में संदिग्ध अवस्था में खेतों में पति–पत्नी के शव पड़े मिले।
बांदा में संदिग्ध अवस्था में खेतों में पति–पत्नी के शव पड़े मिले। मौके से सल्फास की पुड़िया और सुसाइड नोट बरामद हुआ। एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया।
बांदा, अमृत विचार। कमासिन थाना क्षेत्र लखनपुर गांव के खेत में पति–पत्नी के संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप मच गया।सूचना पर एसपी अभिनंदन सहित डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची।
कौशाम्बी जनपद के थाना पश्चिम शरीरा के जगौली निवासी पति रामबाबू पत्नी लक्ष्मी के शव कमासिन थाना क्षेत्र लखनपुर गांव के खेतों में पड़े मिले। शवों के पास से सल्फास की पैकेट और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिससे जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सहित एएसपी लक्ष्मीनिवास मिश्र, सीओ बबेरू राकेश सिंह सहित थानाध्यक्ष कमासिन सहित डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए।
घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम दोहराया गया । एसपी अभिनंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया सीन ऑफ क्राइम के आधार पर पति पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या की है। मौके से एक पर्ची मिली है जिससे इनकी पहचान हुई है। परिजनों को घटना को सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मृतक के भाई विजय ने बताया कि यह दोनों कई दिनों से घर से गायब थे। इन्होंने ऐसा क्यों किया इसकी जानकारी नहीं है। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है।
