पीलीभीत: आयुष्मान के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड मुहैया कराने में ली जाएगी धर्मगुरुओं की मदद..जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार।आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड मुहैया कराने के लिए धर्मगुरुओं का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं। सीएमओ डॉ.आलोक कुमार ने लाभार्थियों तक आयुष्मान कार्ड की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए धर्मगुरुओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान गुरुद्वारों व मस्जिदों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील कराई जाएगी। साथ ही, धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को जागरूक कर पात्र लाभार्थियों के कार्ड भी बनाए जाएंगे। सोमवार को बिलसंडा स्थित 17 गुरुद्वारों व मस्जिदों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप आयोजित किए जाएंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड मुहैया कराने का अभियान तेजी से चल रहा है। जनपद ने परिवार के न्यूनतम एक सदस्य को कार्ड उपलब्ध कराने की श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया।
इसके लिए प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार को प्रशस्ति पत्र भेजकर सराहना की थी। अब जिलाधिकारी का फोकस प्रत्येक पात्र लाभार्थी को कार्ड मुहैया कराने पर है। सीएमओ ने बताया कि कार्ड बनवाने के लिए अथवा पात्रता जानने लिए नजदीकी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, पंचायत भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला अस्पताल में संपर्क कर सकते हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया निशुल्क है।
ये हैं पात्र
- वर्ष 2011 के सामाजिक-आर्थिक सर्वे सूची में शामिल लोग
- प्रधानमंत्री अथवा मुख्यमंत्री द्वारा जारी जेएवाई पत्र धारक
- अंत्योदय राशन कार्ड धारक
- 2020 तक बने श्रमिक कार्ड धारक
ये भी पढ़ें : बिजली चोरी करने से रोका तो पिता को डीजल डालकर लगाई आग..जानिए पूरा मामला
