बांदा: बयान बदलाने के लिए गैंग रेप पीड़िता की थाने में हुई पिटाई, किशोरी का आरोप- मैडम ने बेल्ट से पीटा
नरैनी/बांदा, अमृत विचार। सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के न्यायालय में बयान कराने के बाद पुलिस उसे गिरवां थाने ले गई, वहां पर उसके साथ महिला पुलिस कर्मियों के द्वारा मारपीट की गई। बेल्ट के साथ ही तमाचे और जूते भी चलाए गए। बिलखते हुए थाने से निकली पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया कि मैडम ने उसे बेल्ट से पीटा है। कहा कि उस पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह यह कह दे कि वह अपनी मर्जी से लड़के के साथ गई थी।
इधर, रविवार को विधायक ओममणि वर्मा और हिंदू संगठन का प्रतिनिधि मंडल पीड़िता के घर पहुंचा। विधायक ने पुलिस द्वारा की गई मारपीट की निंदा की है। इसके साथ ही हिंदू संगठनों ने भी घटना पर दुख जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि अब तक पुलिस अधिकारी मारपीट की घटना से इनकार कर रहे हैं।
नरैनी कस्बे के एक मुहल्ले में रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ सुंघाकर दो लोग सूरत ले गए थे। वहां पर तीन लोगों ने उसके साथ कई दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। उसे बंधक भी बनाए रहे। किसी तरह पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। मां ने अपेन भाई को सूचना दी। भाई सूरत में रह रहा था।
इसलिए वह मौके पर पहुंचा और किसी तरह से पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर घर ले आया। यहां पर कोतवाली में सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने उसके शनिवार को न्यायालय में बयान कराए। बयान कराने के बाद पुलिस पीड़िता को गिरवां थाने फिर वापस ले गई। वहां पर पूछतांछ के दौरान किशोरी के साथ महिला पुलिस कर्मियों के द्वारा मारपीट की गई। किशोरी जब थाने से बाहर निकली तो उसने अपने परिजनों से मारपीट की बात बताई।
कहा कि उस पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह यह कह दे कि वह अपनी मर्जी से लड़के के साथ सूरत गई थी। बयान बदलवाने के लिए पीड़िता के साथ महिला पुलिस कर्मियों ने मारपीट की। रविवार को यह मामला एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आया। इधर, पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं।
हालांकि एक टीम सूरत में डेरा डाले हुए है। जबकि कोतवाली प्रभारी अरिवंद सिंह गौर ने बताया कि किशोरी को दोबारा पूछतांछ के लिए गिरवां थाने ले जाया गया है। वह खुद ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामार कार्रवाई कर रहे हैं। इधर, पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मारपीट की घटना से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें:-फर्रुखाबाद: जयंती समारोह में नहीं मिला सम्मान तो मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के सामने फफक कर रोए भाजपा जिलाध्यक्ष
