नर्सिंग क्षेत्र में युवा दिखा रहे रुचि : प्रो.संजीव मिश्रा
लखनऊ,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में नीट की तर्ज पर रविवार को कॉमन नर्सिंग एंट्रेस टेस्ट का आयोजन किया गया। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (एबीवीएमयू) की तरफ से आयोजित इस परीक्षा के लिए लखनऊ में कई जगह पर परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। कॉमन नर्सिंग एंट्रेस टेस्ट लखनऊ समेत प्रदेश के 19 शहरों में आयोजित हुआ है। यह परीक्षा पूरे प्रदेश में 127 केंद्रों पर आयोजित हुई है। राज्य समन्वयक और डीन मेडिकल डॉ.लोकेश अग्रवाल ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.संजीव मिश्रा की देखरेख में बीएससी नर्सिंग,पोस्ट बेसिक नर्सिंग और एम.एससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों में उपलब्ध करीब 14,706 सीटों के लिए परीक्षा कराई गई है। जिसमें करीब 56,810 परीक्षार्थी शामिल हुये हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.संजीव मिश्रा कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट 2023 के सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि इस प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बीते वर्ष से लगभग दो गुना ज्यादा रही है। नर्सिंग के क्षेत्र में शिक्षार्थियों की रुचि बढ़ रही है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में इस बार संयुक्त प्रवेश परीक्षा के जरिये छात्र-छात्राओं को दाखिला मिलेगा। रविवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई प्रवेश परीक्षा दो बजे समाप्त हुई। इस बार हुई परीक्षा में 200 अंकों के सवाल पूछे गये। परीक्षार्थियों की माने तो परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (एबीवीएमयू) की तरफ से आयोजित इस परीक्षा के लिए लखनऊ में कई जगह पर परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। इन्हीं में से एक परीक्षा केंद्र लखनऊ विश्वविद्यालय भी रहा। यहां पर आये परीक्षार्थियों ने कॉमन नर्सिंग एंट्रेस टेस्ट को नर्सिंग क्षेत्र और लोगों के जीवन के लिए जरूरी बताया है। लखनऊ विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग में कॉमन नर्सिंग एंट्रेस टेस्ट देने आये परीक्षार्थियों विशाल, हिमांशु कुमार और उपेन्द्र सिंह ने बताया कि इस बार आया पेपर कुछ कठिन रहा है,लेकिन जिस मानक पर परीक्षा कराई गई है। उससे स्वास्थ्य के क्षेत्र में मरीजों के इलाज में और गुणवत्ता आयेगी। वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस में कॉमन नर्सिंग एंट्रेस टेस्ट देकर बाहर आई परीक्षार्थी वर्तिका शुक्ला ने बताया कि इस बार उन्होंने नीट का भी एग्जाम दे रखा है, अभी उसका परिणाम नहीं आया है। जल्द ही परिणाम आने वाला है। उन्होंने बताया कि नीट का पेपर और कॉमन नर्सिंग एंट्रेस टेस्ट में आया पेपर लगभग एक ही मानक का रहा है।
यह भी पढ़ें : विश्व पर्यावरण दिवस : केजीएमयू के डॉक्टरों ने छात्रों संग स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान
