सुनिए पार्षद जी....नालियों की गंदगी व कूड़ा सड़क पर छोड़ देते हैं सफाई कर्मी, बदबू से लोगों का जीना मुहाल
मुरादाबाद, अमृत विचार। यूं तो मानसरोवर महानगर के पॉश इलाकों में गिना जाता है। यहां सभी मूलभूत सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं। लेकिन, क्षेत्र की छवि को गंदगी ने धूमिल कर दिया है। सड़कों पर गंदगी के अंबार लगे हैं। खाली पड़े भूखड़ कूड़ा घर बने हैं। जिससे आने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हैं। लोगों ने पार्षद से गंदगी से निजात दिलाने की मांग की।
वार्ड नंबर नौ मानसरोवर में भारतीय जनता पार्टी से सुधीर सेठ पार्षद हैं। वार्ड में मानसरोवर कॉलोनी, मंझोली, प्रगति विहार आदि क्षेत्र आता है। मानसरोवर महानगर के पॉश इलाके में शामिल है। यहां अधिकांश परिवार उच्च वर्ग से आते है। वहीं मंझोली और प्रगति विहार में सभी वर्गों के लोग निवास करते हैं। यह वार्ड दिल्ली रोड के समीप है। यहां दुकानें, अच्छे स्कूल, पार्क आदि की सुविधाएं मौजूद हैं। नजदीक ही सब्जी मंडी भी है। सड़कों की हालत बेहतर है। लेकिन, नालियों में गंदगी अटी पड़ी है। सफाई कर्मचारी समय पर नहीं आते हैं। जब आते हैं तो नालियों व नालों का कूड़ा सड़क पर ही छोड़ देते हैं जो काफी समय तक उठाया नहीं जाता है। वहीं खाली पड़े भूखड़ों में लोग कूड़ा डाल देते हैं। जिससे इलाके में गंदगी और बदबू फैली रहती है।
मेरे घर के पास ही एक खाली भूखड़ है। जिसमें पूरे मोहल्ले समेत बाहर के लोग भी रोजाना अपने घरों का कूड़ा डालते हैं। जिससे यहां चारों तरफ गंदगी पसरी रहती है। पार्षद को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। - रवि
देखिए, अगर अन्य वार्डों के मुकाबले देखा जाए, तो यहां हालात बेहतर हैं। अधिकांश सड़कें बहुत अच्छी बनी है। पानी की निकासी की समस्या भी नहीं है। हां, गंदगी से जरूर परेशानी होती है।- दीक्षा
यहां पर सफाई समय से नहीं होती है। जिससे नालियों में पानी भरा रहता है। साथ ही गंदगी जमा होने से यह पानी कई बार सड़कों पर आ जाता है। जिससे आवाजाही में परेशानी होती है। - वंदना ठाकुर
यहां थोड़ी बहुत समस्याएं हैं। जिनमें गंदगी की समस्या ज्यादा गंभीर है। जिस वजह से यहां बदबू के साथ बीमारी फैलने का खतरा भी रहता है। उम्मीद है पार्षद इसपर जल्द ही ध्यान देंगे। - जगदीश
यह शहर का पॉश इलाका है। फिर भी यहां गैस की पाइप लाइन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिससे गैस के लिए बाहर जाना पड़ता है। पार्षद से गुहार है कि वह यहां गैस की पाइप लाइन बिछवाने के लिए कार्य करे। - उमेश
मेरी मंडी रोड पर कपड़े की दुकान है। दुकान के बाहर नाला निकल रहा है। जिसकी सफाई काफी दिन पहले हुई थी। लेकिन, कूड़ा नाले से निकाल सड़क पर डालकर जिम्मेदार भूल गए हैं। जिससे यहां बदबू रहती है। - सुमित पाल
सफाईकर्मी यहां समय से नहीं आते। कई बार तो कर्मचारी, सफाई करने के पैसे मांगते हैं। मजबूरी में यहां लोगों को पैसे देने पड़ते हैं। उम्मीद है पार्षद इस समस्या से हमें निजात दिलाएंगे। - सोनू प्रजापति
चुनाव के समय भी यहां गंदगी सबसे बड़ा मुद्दा था। जिसे लेकर पार्षद ने कहा था कि उनके कार्यकाल में यहां गंदगी नहीं रहेगी। अब उन्हे अपना वादा निभाने चाहिए। जिससे लोगों को राहत मिले। - बनवारी लाल
पिछले पार्षदों ने यहां सिर्फ वादे किए हैं। यह पॉश कॉलोनी होने के बाद भी बदहाली का झेल रही है। हर गली में आपको गंदगी मिल जाएगी। जिससे लोगों का घरों से बाहर घूमना दूभर हो गया है। चुनाव के समय भी मैंने सभी से वादा किया था कि जीतने के बाद सबसे पहले सफाई को प्राथमिकता दी जाएगी। इसी पर सबसे पहले अमल किया जाएगा। जिसके लिए कार्ययोजना तैयार है। जल्द ही उसे धरातल पर उतारेंगे। - सुधीर सेठ, पार्षद
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर बनी है देश की अमिट पहचान'
