अयोध्या- गेहूं खरीद का सच: 65 दिन, 294 किसान, खरीद मात्र 7 हजार क्विंटल
1 अप्रैल से शुरू हुई थी खरीद, अब बचे हैं मात्र 11 दिन, 15 जून तक होनी है खरीद
अयोध्या/अमृत विचार। 65 दिन, 294 किसान, खरीद मात्र 7 हजार 360 क्विंटल। शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाले जिले अयोध्या में वर्तमान वित्तीय वर्ष में गेंहू खरीद की यह तल्ख हकीकत है। 1 अप्रैल से 15 जून तक होने वाली गेहूं खरीद में अब जब केवल 11 दिन बचे हैं ऐसे में निर्धारित लक्ष्य 54 हजार मीट्रिक टन का पूरा होना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है।
इस बार खरीद के लिए लगाई गई पांच एजेसियां मिलकर भी खरीद के लक्ष्य का पांच फीसदी भी नहीं हासिल कर सकीं। किसानों की बेरुखी का बहाना बनाकर कर एक अप्रैल से अब तक पूरे 65 दिन एजेंसियों बाजार भाव की आड़ में सुस्त बैठीं रहीं।
यह हाल तब है जब मध्य अवधि में कमिश्नर ने समीक्षा कर निर्धारित तिथि से पहले लक्ष्य पूरा करने के लिए निर्देश दिए थे। गेहूं खरीद को लेकर आठ से अधिक समीक्षा बैठकें हुईं लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला।
बता दें कि इस बार सरकारी खरीद 2125 रुपए में है, जबकि आढ़ती किसान के घर पहुंचकर 2200 से 2250 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीद रहे हैं। इसमें उन्हें ढुलाई की राशि भी नहीं खर्च करनी पड़ती है। अधिक राशि मिलने व किसी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए ही किसान आढ़तियों के हाथों बिक्री कर रहे हैं। हाल यह है कि अब अधिकतर क्रय केन्द्र बंद ही रहते हैं। निगरानी के लिए बनाई गई टीमों ने भी हाथ समेट लिए हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत कुमार सिंह का कहना है कि इस बार गेहूं की पैदावार भी कम हुई है, जिससे किसान गेहूं क्रय केंद्रों पर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल शासन के निर्देशानुसार गेहूं की खरीदारी 15 जून तक क्रय केंद्रों पर की जायेगी। लक्ष्य पूरा होने को लेकर उन्होंने स्वीकार किया कि पूरा होना संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें:-Breaking News : अवधेश राय हत्याकांड में मुख्तार अंसारी दोषी करार, अदालत में भारी फोर्स मौजूद
