रायबरेली: 5 साल पहले जिसके प्यार में पागल था, उसी की गला घोंटकर कर दी हत्या, जानें वजह
डलमऊ, रायबरेली, अमृत विचार। पांच साल पहले जिस महिला के प्यार में कमलेश दीवाना था। उसके लिए सब कुछ छोड़ने को तैयार था। उसने महिला से प्रेम विवाह कर लिया। विवाह के बाद धीरे-धीरे उनका प्यार का काफूर हो गया और इस कदर दूरियां बढ़ी कि उसने महिला की गला घोट कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में उसे गिरफ्तार किया है।
क्षेत्र के गांव पूरे जनवा रन मजरे कंधरपुर में हुई संदिग्ध अवस्था में महिला राजरानी की मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। महिला की हत्या गला घोट कर उसके पति कमलेश ने की है। पुलिस ने मृतका के भाई सोहनलाल की तहरीर पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। बताया जाता है कि कमलेश कि पूर्व में शादी हो चुकी थी। उसका उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था।
इस बीच करीब 5 साल पहले वह राजरानी के संपर्क में आया। दोनों का प्यार परवान चढ़ा तो एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खाने लगे। उसके बाद दोनों ने प्रेम-विवाह किया। दोनों ने कोर्ट मैरिज की और साथ रहने लगे। आरोप है कि कमलेश राजरानी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। अक्सर उसके साथ मारपीट करता था।
रविवार की शाम में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसके बाद उसने गला घोटकर राजरानी की हत्या कर दी। उसका शव सोमवार को संदिग्ध अवस्था में घर से बरामद किया गया था। कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि महिला की मौत के मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपित उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है ।आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: तेज हवाओं ने गुल कर दी कई गांवों की बिजली
