Kanpur: माता-पिता गए काम पर, घर में घुस आया अधेड़, किशोरी को बनाया हवस का शिकार, आरोपी गिरफ्तार, जानें- मामला
कानपुर में घर में अकेली किशोरी को धमका कर अधेड़ ने किया दुष्कर्म।
कानपुर में घर में अकेली किशोरी को धमका कर अधेड़ ने किया दुष्कर्म। पड़ोसियों ने आरोपी को घर से निकलता देख परिजनों को जानकारी दी।
कानपुर, अमृत विचार। माता-पिता के काम पर जाने के बाद घर में अकेली किशोरी को डरा-धमका कर क्षेत्र के अधेड़ ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। किशोरी के घर से अधेड़ को निकलता देख कर पड़ोसियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गुजैनी थानाक्षेत्र के पिपौरी गांव निवासी युवक ने बताया कि वह दादानगर स्थित एक फैक्ट्री में कार्य करता है वहीं उसकी पत्नी पेंटिग का कार्य करती है। युवक के मुताबिक दोनों के काम पर जाने के दौरान घर पर 13 वर्षीय किशोरी व छह साल का मासूम बेटा रहता है। मंगलवार को दंपत्ति काम पर गए थे, जिस दौरान किशोरी अपने छोटे भाई के साथ घर पर थी।
किशोरी ने बताया कि दोपहर को गांव का अधेड़ नरेंद्र सचान (50) घर में घुस आया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी को घर से भागते हुए पड़ोसियों ने देख लिया। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने घर पहुंच कर किशोरी से पूछताछ की तो किशोरी ने रोते हुए आपबीती बताई।
परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार किया। गुजैनी थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
