बस्ती: किशोरी से गैंगरेप पर गरमाई सियासत, आरोपित भाजपा नेता समेत दो और गिरफ्तार
अखिलेश ने ट्वीट कर उठाया प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल
बस्ती, अमृत विचार। जिले के गौर थाना क्षेत्र में सोमवार रात किशोरी से हुए सामूहिक दुष्कर्म को लेकर सियासत भी गरमाने लगी है। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है।
वहीं, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बुधवार को बताया कि फरार चल रहे दो अन्य आरोपित कुंदन सिंह और राजन निषाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। कुंदन भाजपा किसान मोर्चा गौर मंडल का उपाध्यक्ष है। एक आरोपित मोनू को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
गौर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी सोमवार शाम साइकिल से सब्जी लेने गांव से थोड़ी दूर गई थी। काफी देर तक नहीं लौटी तो घर वालों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान एक मकान के पास सड़क के किनारे किशोरी लहूलुहान मिली। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और किशोरी को एक निजी चिकित्सक के पास ले गए।
डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह अत्यधिक रक्तस्राव बताया गया। मंगलवार को पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम कराया, जिसमें अप्राकृतिक दुष्कर्म की भी बात सामने आई। जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भर गया और मंगलवार शाम को शव रखकर जाम लगाया। जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह से ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया।
आश्वासन दिया कि फरार चल रहे दोनों आरोपितों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी ने बुधवार को बताया कि फरार आरोपितों की 36 घंटे के भीतर गिरफ्तारी कर ली गई। बता दें कि, मामले में किशोरी की मां ने भाजपा नेता समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात
किशोरी से दरिंदगी के मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद स्थानीय सपा नेता भी सक्रिय हो गए। पूर्व कैबिनेट मंत्री सपा नेता राम प्रसाद चौधरी, कप्तानगंज विधायक अतुल चौधरी, सदर विधायक व सपा जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव आदि ने परिवार के लोगों से मुलाकात कर इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया है।
ये भी पढ़ें -मोदी सरकार के नौ साल में गरीबों के साथ हुआ विश्वासघात: मल्लिकार्जुन खड़गे
