Farrukhabad News : थाने में पोछा लगवाना पड़ा भारी, चोरी का आरोपी धूल झोंक कर हो गया फरार पढ़ें- पूरी खबर
फर्रुखाबाद में पोछा लगवाने को हवालात से निकाला चोरी का आरोपी।
फर्रुखाबाद में पोछा लगवाने को हवालात से निकाला चोरी का आरोपी। आरोपी धूल झोंक कर फरार हो गया। सीओ सिटी ने थाने पहुंच कर मामले की जानकारी ली।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। चोरी के आरोपी को हवालत से बाहर निकाल कर थाना परिसर में पोछा लगवाना पुलिस को भारी पड़ गया। पोछा लगाते लगाते आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोक कर फरार हो गया। इससे थाने में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी थाने पहुंचे और मुंशी, होमगार्ड व अन्य पुलिस कर्मियों से पूछताछ की। आरोपी के भागने में लापरवाही को लेकर सीओ सिटी जांच कर रहे हैं।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव टीका नगला में कुछ दिन दो घरों में चोरी की घटनाएं हुई थी। चोरी के मामले में हाता इस्लाम खां निवासी युवक सुदीप सैनी को पुलिस ने तीन दिन पहले हिरासत में लिया था। उससे थाने में पूछताछ की गई। पुलिस ने चोरी का खुलासा करने की तैयारी कर ली। उसके खिलाफ लिखापड़ी शुरू कर दी गई।
बुधवार सुबह मुंशी ने आरोपी को हवालात से बाहर निकाला और उससे कहा कि थाना परिसर में पोछा गला दो। पोछा लगने के कारण ड्यूटी कर रहा होमगार्ड व अन्य पुलिस कर्मी वाहर आकर खड़े हो गए। पोछा लगाते-लगाते सुदीप सैनी थाने से फरार हो गया। इसकी किसी को भनक तक नहीं लग गई। आरोपी थाना परिसर में नहीं दिखाई दिया तो होमगार्ड उसको हवालात में देखने गया। वह उसमें भी नहीं था। तब उसके फरार होने की पुलिस कर्मियों को जानकारी हुई।
इसकी जानकारी एओ आमोद कुमार को दी गई। वह थाने पहुंचे और पुलिस कर्मियों को बुलाकर मामले की जानकारी दी। आरोपी के थाने से भाग जाने से पुलिस कर्मियों के हाथपांव फूल गए। हर कोई एक दूसरे की गलती बताने लगा। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी प्रदीप सिंह मऊदरवाजा थाने पहुंचे और पुलिस कर्मियों से पूछताछ की।
पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश मार कर उसके भाई आकाश सैनी को पकड़ कर थाने ले आई। उससे पूछताछ की जा रही है। आकाश सैनी का कहना है कि उसका भाई सुदीप सैनी आठ-नौ माह से घर नहीं आ रहा है। वह कहां रहता है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। आरोपी के थाने से भागने के मामले में कुछ पुलिस कर्मी के खिलाफ कारवाई की तैयारी की जा रही है। थानाध्यक्ष आमोद कुमार ने बताया कि लापरवाही को लेकर सीओ सिटी मामले की जांच कर रहे हैं।
